कोडरमा : जिले में पिछले कुछ दिन से हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. लगातार बारिश से शहरी और ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. झुमरीतिलैया शहर के कई प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में सड़क पर पानी जमा हो जाने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. मंगलवार देर रात से ही लोग जलजमाव और बारिश के कारण परेशान रहे.
झुमरीतिलैया शहर के भादोडीह इलाके में कई स्थानों पर पानी जमा हो गया. वहीं गांधी स्कूल रोड स्थित गैस गोदाम गली में भी जलजमाव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गयी. कई लोगों के घरों में पानी घुस गया है. बाइपास क्षेत्र और महाराणा प्रताप चौक के पास रांची-पटना रोड पर भी बारिश का पानी जमा हो गया. सड़क पर काफी मात्रा में पानी जमा होने के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी हुई. कई छोटे वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा.
महाराणा प्रताप चौक पर फंसी SDM की गाड़ी
भारी बारिश के बाद महाराणा प्रताप चौक के पास जलजमाव की स्थिति इतनी गंभीर हो गयी कि देर रात SDM की गाड़ी भी पानी में फंस गयी. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सड़क पर जलजमाव की स्थिति कितनी गंभीर थी. देर रात से ही इस इलाके में लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में बारिश से हाहाकार, उफन रहीं 4 बड़ी नदियां; आज इन 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
चंदवारा में तेज बहाव से सड़क जाम
इधर, चंदवारा प्रखंड क्षेत्र में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला. पुराना थाना छठ घाट पुल के पास तेज बारिश के बाद पानी के बहाव के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया. पानी का बहाव तेज होने के कारण वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई और सड़क जाम की स्थिति बन गयी. इस दौरान स्कूल जाने वाले बच्चे भी रास्ते में फंस गये. बच्चों और अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर नालियां और छोटे जल निकासी मार्ग पानी से भर गये हैं. इसके कारण बारिश का पानी सड़कों और आसपास के इलाकों में फैल गया है. कई जगहों पर लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी हुई.
बारिश ने बढ़ायी लोगों की चिंता
जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों की चिंता बढ़ गयी है. शहर के कई निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को घरों और दुकानों में पानी घुसने का डर बना हुआ है. वहीं सड़क पर पानी जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी परेशानी बढ़ गयी है.
लोगों ने प्रशासन और नगर निकाय से जलजमाव वाले क्षेत्रों में तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है. साथ ही नालियों की सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग उठायी है, ताकि लगातार बारिश के दौरान शहर में बार-बार जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो.
ये भी पढ़ें: रांची के पूर्व DDC सुनील सिंह ने आत्महत्या से पहले लिखा 8 पन्नों का सुसाइड नोट, पत्नी से कहा- माफ करना, साथ न दे सका
