राज्यपाल ने एनसीसी कैडेट रितु सिंह को किया सम्मानित

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने एनसीसी कैडेट रितु सिंह को लेजर सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया. इस दौरान रितु सिंह ने राज्यपाल के साथ नाश्ते और रात्रि भोज में भी भाग लिया.

झुमरीतिलैया. झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने एनसीसी कैडेट रितु सिंह को लेजर सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया. इस दौरान रितु सिंह ने राज्यपाल के साथ नाश्ते और रात्रि भोज में भी भाग लिया. उन्होंने बताया कि वह 28 दिसंबर को दिल्ली रवाना हुई थीं, जहां उन्होंने 26 जनवरी के गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लिया. राज्यपाल द्वारा मिला यह सम्मान उनके कठिन परिश्रम और देशभक्ति की भावना का प्रतीक है. रितु सिंह ने कहा कि राज्यपाल बेटियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने एनसीसी को राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण जरिया बताया और कहा कि एनसीसी युवा पीढ़ी को अनुशासन और देशभक्ति की सीख देता है. ज्ञात हो कि कुछ समय पहले बिहार के राज्यपाल ने भी रितु सिंह को सम्मानित किया था. रितु ने कहा कि वह अब रक्षा सेवाओं में जाने की तैयारी में जुटी हैं. हालांकि, उनके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके पिता स्व. संजय सिंह और माता स्व. रीता सिंह ने जो हौसला और प्रेरणा दी, वह उनकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज जो कुछ भी हूं, अपने माता-पिता के आशीर्वाद और सीख की वजह से हूं. रितु सिंह ने बताया कि उन्होंने एनसीसी ‘सी’ प्रमाण-पत्र की अंतिम परीक्षा देवघर में दी है. यह प्रमाण-पत्र उनके रक्षा सेवाओं में जाने का मार्ग प्रशस्त करेगा. उन्होंने संकल्प लिया कि वह देश की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >