कोडरमा. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क सुरक्षा कार्य बल की बैठक हुई. इसमें सड़क सुरक्षा को लेकर पूर्व में दिये गये निर्देशों के अनुपालन और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने एनएचएआइ के अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग के दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थलों पर जरूरी सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में बताया गया कि चिह्नित स्थलों पर रंबल स्ट्रिप, सोलर ब्लिंकर, जेब्रा क्रॉसिंग और साइनेज बोर्ड लगाने का कार्य किया गया है. शेष कार्यों को भी जल्द पूरा करने की बात कही गयी. वहीं एनएच-31 पर एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) स्थापित करने को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
कई सड़क योजनाओं की हुई समीक्षा
उपायुक्त ने ट्रक ले-बाय, वे-साइड एमेनिटीज, चंदवारा बाजार में व्हीकल अंडर पास (वीयूपी), जेजे कॉलेज से बागीटांड़ स्टेडियम तक सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना की भी समीक्षा की. इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने को लेकर भी निर्देश दिये गये.
उपायुक्त ने लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, डीटीओ विजय कुमार सोनी, सहायक प्रशासी पदाधिकारी उदय शंकर बख्शी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.
