हाथी ने युवक को कुचल कर मार डाला, विरोध में रोड जाम

सतगावां प्रखंड में थम नहीं रहा है हाथियों का आतंक

दहशत. सतगावां प्रखंड में थम नहीं रहा है हाथियों का आतंक सतगावां. प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार की रात हाथियों के झुंड ने कटैया गांव में जमकर उत्पात मचाया और 28 वर्षीय एक युवक को कुचलकर मार डाला. मृतक की पहचान कटैया निवासी शिवनंदन प्रसाद यादव के इकलौते पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि शनिवार रात लगभग 12 बजे हाथियों का झुंड कटैया गांव में घुस आया. हाथियों ने गांव में प्रवेश करते ही पंचायत सचिवालय का गेट तोड़ दिया और धर्मेंद्र प्रसाद यादव के घर के दरवाजे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. गांव में मची अफरा-तफरी के बीच रोहित कुमार जान बचाने के लिए अपने घर के पास स्थित गौशाला में छिप गया. हाथियों ने उसे वहां देख लिया और उसे उठाकर कुछ दूरी पर स्थित गेहूं के खेत में ले गये, जहां कुचल कर मार डाला. घटना के दौरान दो अन्य ग्रामीण भी हाथियों के बीच फंस गये थे, लेकिन वे बच निकले. रोहित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र और घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वह अपने पीछे वृद्ध माता पिता, पत्नी और चार छोटे बच्चों आरोही 8 वर्ष, रितिक 5 वर्ष, आकांक्षा 3 वर्ष और रुस्तम एक वर्ष को बेसहारा छोड़ गया है. इधर, घटना से गुस्साये परिजन और ग्रामीणों ने कटैया मोड़ के पास रोड जाम कर दिया. सूचना मिलते ही वन क्षेत्र पदाधिकारी रवींद्र कुमार और थाना प्रभारी सौरव कुमार शर्मा पहुंचे और जाम कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मंडल वन अधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. लगभग तीन घंटे बाद मंडल वन अधिकारी सौमित्र शुक्ला घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों और वन विभाग के बीच कई बिंदुओं पर सहमति बनी. मृतक के आश्रित को कैटल गार्ड की नौकरी दी जायेगी. आर्थिक मुआवजा जल्द उपलब्ध कराया जायेगा, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जायेगी. इन सभी सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया. डीएफओ द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहयोग राशि दी गयी. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा भेज दिया. जानकारी मिलते ही राजद नेता सुभाष प्रसाद यादव भी घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के परिजनों को ढाढ़स बंधाया. साथ ही डीएफओ सौमित्र शुक्ला, सीओ, थाना प्रभारी तथा वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी से वार्ता कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और रोजगार मुहैया कराने समेत अन्य मांगों को अविलंब पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा़ साथ ही दाह संस्कार के लिए व्यक्तिगत कोष से आर्थिक मदद की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >