कोडरमा. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनता शिकायत कोषांग के तहत मीता पोर्टल पर जनता दरबार से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित शिकायतों का शीघ्र, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में सभी प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों, बिजली विभाग, नगर परिषद झुमरी तिलैया, नगर पंचायत कोडरमा व डोमचांच तथा अनुमंडल कार्यालय से संबंधित मामलों की विशेष रूप से समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने कहा कि शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और सभी मामलों का नियमानुसार यथाशीघ्र समाधान किया जाये.
उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा शिकायत के निष्पादन के बाद मीता पोर्टल पर अद्यतन प्रतिवेदन दर्ज करने का निर्देश दिया. बैठक में संबंधित विभागों के कई पदाधिकारी मौजूद थे.
