कोडरमा. डीएवी पब्लिक स्कूल, गुमो, सतपलिया में सह पाठ्यक्रम गतिविधियों के तहत नर्सरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों के लिए माय फर्स्ट स्पीच तथा कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए स्पेल बी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया.
माय फर्स्ट स्पीच में बच्चों ने मेरे पिता, मेरी माता, मेरा स्कूल, मेरी कक्षा अध्यापिका, मेरी कक्षा और मेरा प्रिय खिलौना जैसे विषयों पर अंग्रेजी में विचार रखे. इसमें श्रीनिश गुप्ता, आर्यन पांडेय, सुकृति बाउरी, अभिनव प्रकाश और वैदिक कुमार प्रथम रहे. स्पेल बी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सही वर्तनी, उच्चारण, अर्थ, वाक्य निर्माण और रैपिड फायर राउंड में भाषा दक्षता का प्रदर्शन किया, जिसमें आराध्या कुमारी, शिवांशु कुमार और लक्ष्मी कुमारी का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा.
मंच संचालन कुमार आदित्य ने किया, जबकि निर्णायक की भूमिका शुभम कुमारी मिश्रा और कोमल कुमारी ने निभायी. कार्यक्रम सीसीए प्रभारी शिल्पी गुप्ता के मार्गदर्शन में हुआ. श्वेता सिंह ने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास एवं मंच पर निर्भीक होकर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया.
