जयनगर: प्रखंड के जयनगर निवासी इम्तियाजउद्दीन के 26 वर्षीय पुत्र अजहरुद्दीन द्वारा एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने पर सोमवार को जयनगर पूर्वी पंचायत में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में क्षेत्र के लोगों ने डॉक्टर अजहरुद्दीन को फूल-माला एवं बुके देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता 20 सूत्री अध्यक्ष इस्लाम अंसारी व संचालन मुखिया कौशर खान एवं समाजसेवी अरमान खान ने संयुक्त रूप से किया.
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झामुमो नेत्री सह पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, विशिष्ट अतिथि अंचल अधिकारी सारांश जैन थे. मुख्य अतिथि शालिनी गुप्ता ने कहा कि अजहरुद्दीन ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे जयनगर क्षेत्र का नाम रोशन किया है.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं. अजहरुद्दीन की सफलता क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉक्टर अजहरुद्दीन आगे भी गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा को प्राथमिकता देंगे.
विशिष्ट अतिथि अंचल अधिकारी सारांश जैन ने डॉ. अजहरुद्दीन को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी के लिए एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करना बड़ी उपलब्धि है. इसके पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और परिवार का सहयोग होता है. मौके पर कैलाश राम, खगेन्द्र राम, सुरेंद्र भाई मोदी, शमशाद आलम, मो. मुबारक, सुरेंद्र प्रसाद मोदी, इबरार खान, कुंदन गुप्ता, इरफान अंसारी, शशि गुप्ता, नसीम खान, मोइन खान, परवेज खान, सलीम खान, फैजुल्ला खान, नवीन कुमार आदि मौजूद थे.
