सतगावां. प्रखंड के राजावर पंचायत अंतर्गत कुसहनिया टोला से भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी के नाम पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और राशन कार्ड में नाम बरकरार रखने के बदले अवैध वसूली का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का आरोप है कि बिचौलियों या संबंधित कर्मियों द्वारा उन्हें डराया जा रहा है कि यदि वे पैसे नहीं देंगे,तो उनका नाम लाल कार्ड (राशन कार्ड) और पीएम किसान योजना की सूची से काट दिया जायेगा. लाभुकों से कथित तौर पर 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति की मांग की जा रही है, पैसा नहीं देने की स्थिति में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित करने की धमकी दी जा रही है. स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से गुहार लगाई है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाये. ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं गरीबों के लिए मुफ्त हैं, ऐसे में अवैध वसूली करने वाले लोग न केवल हमें लूट रहे हैं, बल्कि सरकार की छवि को भी धूमिल कर रहे हैं, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
किसी के झांसे में न आयें : एमओ
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी विकास कुमार साहू ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा कि भ्रामक प्रचार मेरे नाम पर यदि कोई भी व्यक्ति पैसे की मांग कर रहा है, तो वह पूरी तरह निराधार और गलत है. उन्होंने इस संबंध में जिला के वरीय अधिकारियों को लिखित जानकारी दे दी है. श्री साहू ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी के झांसे में न आयें, यदि कोई भी व्यक्ति पैसे मांगता है, तो उसकी शिकायत लिखित रूप से सीधे प्रखंड कार्यालय में संपर्क करें.
