– गौतम राणा –
4041 महिलाएं लाभ से वंचित, कार्यालयों का काट रही चक्कर
कोडरमा बाजार : जिले में स्वास्थ्य सेवा तो राम भरोसे है ही, सरकारी की ओर से चलायी जा रही योजनाओं का पूरा लाभ भी लोगों को नहीं मिल पा रहा है. जननी सुरक्षा योजना अंतर्गत संस्थागत प्रसव को लेकर महिलाओं व सहिया को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि नहीं दिये जाने का मामला प्रकाश में आया है.
हजारों महिलाओं का प्रसव हुआ, पर सरकार की ओर से तय राशि के लिए लाभुक कार्यालयों का चक्कर काटने को मजबूर हैं. सूत्र बताते हैं कि कमीशन खोरी के कारण यह स्थिति बनी है. अब समीक्षा के क्रम में विकट स्थिति सामने आने पर सिविल सजर्न ने आठ मार्च तक सभी को भुगतान करने का निर्देश दिया है.
4041 को नहीं मिला है लाभ : सरकार की योजना के अनुसार सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने पर शिशु की मां को 1400 रुपये व इसके लिए प्रोत्साहित करने वाली सहिया को 600 रुपये देने का प्रावधान है. जिला से लेकर प्रखंड स्तर पर सरकारी अस्पतालों के कर्मचारी इस राशि को लाभुक को सौंपते हैं. इस वित्तीय वर्ष में इस योजना के तहत प्रसव कराने वाली जिले की 8321 महिलाओं व सहिया को इस योजना के तहत लाभ देना था, मगर 4041 महिलाओं को अभी तक पैसे नहीं मिले हैं. लाभुक कार्यालय का चक्कर लगाने को विवश हैं.
