झामुमो का बांङोडीह प्लांट के बाहर बेमियादी धरना शुरू, महेश राय ने कहा
जयनगर : बांङोडीह के विस्थापितों के सवाल को लेकर प्लांट के गेट नंबर एक के बाहर मंगलवार से झामुमो जिला कमेटी का बेमियादी धरना शुरू हुआ. इससे पूर्व फोरलेन चौक से रैली निकाली गयी. रैली में शामिल लोग डीवीसी प्रबंधन होश में आओ, विस्थापितों को उनका अधिकार दो व भाजपा-झाविमो के खिलाफ नारे लगा रहे थे. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गेट नंबर एक पर प्रदर्शन भी किया.
इस मौके पर एक सभा हुई. सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष सह जिप अध्यक्ष महेश राय ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस जैसी पार्टियों ने यहां के विस्थापितों को प्रबंधन की मिलीभगत से बरगलाने का काम किया है. उन्होंने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि अब धोखाधड़ी का फॉमरूला नहीं चलेगा. विस्थापितों को उनका हक दिला कर रहेंगे. जिला सचिव रवींद्र शांडिल्य ने कहा कि भाजपा व झाविमो ने बाहरी लोगों को काम दिलाने का काम किया है, मगर अब ऐसा नहीं होगा. झामुमो विस्थापितों को हक व अधिकार दिला कर रहेगा.
अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष इबरार कुरैशी ने कहा कि भोली-भाली जनता को प्रबंधन छलना बंद करे. सभा को महिला मोरचा की जिला अध्यक्ष निर्मला तिवारी, बेबी देवी, मुन्ना यादव, अनिल मोदी, दिनेश्वर गिरि, कामेश्वर वर्मा आदि ने संबोधित किया. संचालन सत्यदेव राय ने किया. मौके पर इसलाम अंसारी, वसीरुद्दीन खान, मंजू देवी, रीतलाल यादव, रामेश्वर यादव आदि थे.पदाधिकारियों में दंडाधिकारी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मुजफ्फर इसलाम, सीआइएसएफ कमांडेंट एम केरकेट्टा, थाना प्रभारी वकार हुसैन आदि थे.
नहीं हुई तालाबंदी : पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत झामुमो प्लांट में तालाबंदी नहीं कर पाया. नेताओं का कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गयी, तो तालाबंदी की जायेगी. पुलिस बल व सीआइएसएफ जवानों की तैनाती के कारण तालाबंदी नहीं हो सकी.
