मुख्य समारोह बागीटांड़ स्टेडियम में होगा
कोडरमा : जिले भर में गणतंत्र दिवस मनाने को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है. विभिन्न शिक्षण संस्थानों, कॉलेजों के अलावा जिला प्रशासन की ओर से आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर शनिवार को तैयारी को अंतिम रूप दिया गया. मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित बागीटांड़ स्टेडियम मैदान में होगा.
यहां मंत्री अन्नपूर्णा देवी सुबह नौ बजे झंडोत्तोलन करेंगी. इसके अलावा समाहरणालय में डीसी डॉ प्रवीण शंकर, एसपी कार्यालय व पुलिस लाइन में एसपी संगीता कुमारी, जिला परिषद कार्यालय में जिप अध्यक्ष महेश राय झंडोतोलन करेंगे.
खूब हुई तिरंगे की बिक्री : गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे की बिक्री खूब रही. झुमरीतिलैया शहर के झंडा चौक, जवाहर टाकिज के पास के अलावा अन्य जगहों पर बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक तिरंगा खरीदते दिखे.
परेड के साथ झांकियां भी : बागीटांड़ स्टेडियम में होने वाले मुख्य समारोह में परेड के साथ ही विभिन्न विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी. परेड में सैनिक स्कूल तिलैया डैम, ग्रिजली विद्यालय, माडर्न पब्लिक स्कूल, सेक्रेड हार्ट स्कूल, सीएच प्लस टू उच्च विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय पुतो, सीडी बालिका उच्च विद्यालय, कोडरमा उच्च विद्यालय के विद्यार्थी शामिल होंगे.
इसके अलावा जिला सशस्त्र बल की टुकड़ी भी परेड का प्रदर्शन करेगी. जिला ग्रामीण विकास विभाग, वन प्रमंडल कोडरमा, स्वास्थ्य, सर्व शिक्षा अभियान, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, निर्मल भारत अभियान, डीवीसी, बैंक, कृषि एवं उद्यान, मत्स्य कुल 11 झांकियां प्रदर्शित की जायेंगी.
