डोमचांच नगर पंचायत में टैक्स वसूली का हाल, लक्ष्य के विरुद्व 66.36 प्रतिशत वसूली 15वें वित्त का फंड लेने के लिए राजस्व संग्रह में न्यूनतम 10 प्रतिशत की वृद्धि जरूरी ———————— रंजीत बनर्जी, डोमचांच इस बार हुए नगर निकाय चुनाव में डोमचांच नगर पंचायत पूरी तरह चर्चा में था. बेतहाशा होल्डिंग टैक्स को लेकर लगातार लोगों के विरोध के बावजूद प्रशासनिक हस्तक्षेप से यहां चुनाव संपन्न कराया गया और नए बोर्ड का गठन हुआ. चुनाव में प्रत्याशियों ने नगर के विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे किये, पर विकास को लेकर सबसे जरूरी होता है फंड वह रुकता दिख रहा है. दरअसल, डोमचांच नगर पंचायत को वित्तीय वर्ष 2025-2026 मे राजस्व वसूली का जो लक्ष्य दिया गया था उससे यह काफी पीछे रह गया है. यही नहीं गत वित्तीय वर्ष से भी कम राजस्व की वसूली हो पायी है. वित्तीय वर्ष 2025-2026 में कुल 73 लाख 11 हजार 24 रुपये होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस सहित अन्य मद में वसूले, जबकि लक्ष्य 1 करोड़ 10 लाख 17 हजार 24 रुपये था. विरोध के बावजूद 73 लाख रुपये जैसी बड़ी रकम टीम ने वसूल तो ली, लेकिन लक्ष्य से 37 लाख 6 हजार कम वसूली हुई. टीम ने लक्ष्य के विरुद्ध 66.36 प्रतिशत वसूली की. यह पिछले वित्तीय वर्ष से भी कम है. वित्तीय वर्ष 2024-2025 में 1 करोड़़ 74 हजार 811 रुपये की राजस्व वसूली हुई थी. विभागीय जानकार बताते हैं कि राजस्व वसूली के लक्ष्य की प्राप्ति नहीं होने पर नगर के विकास के लिए मिलने वाला करोड़ों का अनुदान नहीं मिल पायेगा. 15वें वित्त आयोग के मापदंड के अनुसार राजस्व संग्रह में न्यूनतम 10 प्रतिशत की वृद्धि अनिवार्य है. इसके उपरांत ही केंद्र के द्वारा अनुदान दिया जायेगा. राजस्व में कमी व फंड नहीं मिलने की स्थिति में नगर पंचायत क्षेत्र के विकास कार्य पर इसका असर दिख सकता है. लोगों के पास करीब 50 लाख टैक्स बकाया डोमचांच नगर पंचायत में वर्तमान में लोगों के पास करीब 50 लाख रुपये टैक्स बकाया है. इतनी बड़ी राशि बकाया होने की वजह से राजस्व वसूली के लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सका. हालांकि, टैक्स वसूली बढ़ाने के लिए नगर पंचायत की ओर से लगातार कार्रवाई की जाती रही. दो वार्ड में पार्षद पद के लिए नहीं हो पाया है चुनाव बता दें कि बेतहाशा होल्डिंग टैक्स का विरोध डोमचांच में इस कदर हुआ था कि दो वार्ड में पार्षद पद के लिए चुनाव तक नहीं हुआ. नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच व 11 में पार्षद पद के लिए कोई प्रतिनिधित्व नहीं है, जबकि नगर पंचायत में कुल 14 वार्ड में से 12 में पार्षद चुन कर आये हैं. वर्ष वार राजस्व वसूली की स्थिति वर्ष वसूली रुपये में 2025-2026=7,311,024.00 2024-2025=10,074,811.00 2023 -2024=8,926,303.00 2022-2023=1,985,406.00 2021-2022=4,430,724.00 2020-2021=3,807,149.00
विरोध के बीच वसूले 73 लाख, फिर भी फंड मिलने पर संशय
इस बार हुए नगर निकाय चुनाव में डोमचांच नगर पंचायत पूरी तरह चर्चा में था.
