कोडरमा बाजार. कोडरमा थाना से महज कुछ दूरी पर एसबीआइ शाखा के समीप सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधी एक बुजुर्ग के हाथ से रुपयों से भरा थैला छीन फरार हो गये. बैग में 30 हजार रुपये थे. घटना की जानकारी देते हुए कोडरमा क्षत्रिय धर्मशाला के समीप के निवासी बाबूलाल शर्मा ने बताया कि उन्हें अपने पैतृक गांव मरकच्चो के चोपनाडीह में बोरवेल का काम कराना था. इससे संबंधित सामान खरीदने के लिए उन्होंने एसबीआइ कोडरमा बाजार शाखा से सोमवार को 30 हजार रुपये की निकासी की थी. पैसे को बैग में रख वह वापस घर जाने के लिए निकले. जैसे ही बैंक से कुछ दूरी पर गये, पीछे से बाइक पर सवार दो लोग जो हेलमेट पहने पहुंचे और रुपये से भरा बैग को छीन तिलैया की ओर फरार हो गये. बैग में कुछ जरूरी कागजात भी थे. इधर, घटना की जानकारी मिलते ही कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार दल बल के साथ पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. सीसीटीवी फुटेज की जांच में हेलमेट लगाये दो अपराधी दिख रहे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही तिलैया पुलिस ने महाराणा प्रताप चौक के समीप जांच वाहन जांच अभियान चलाया, लेकिन अपराधी पुलिस की पकड़ में नहीं आये. घटना को लेकर कोडरमा थाना में बुजुर्ग के बयान पर मामला दर्ज किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
