जयनगर : प्रखंड के डंडाडीह पंचायत अंतर्गत कंझियाडीह निवासी 50 वर्षीय टुकनी देवी (पति जोबा साव) की सड़क हादसे में मौत हो गयी. पुलिस द्वारा वाहन मालिक पर कार्रवाई नहीं किये जाने के विरोध में बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने जयनगर–मरकच्चो मुख्य मार्ग को पावर हाउस डंडाडीह के निकट प्रात: नौ बजे से शव के साथ जाम कर दिया.
आक्रोशित ग्रामीण पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे तथा थाना प्रभारी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े थे. बाद में थाना के एसआइ शिवजीत सिंह जाम स्थल पर पहुंचे तथा तत्काल प्राथमिकी की कार्रवाई की.
इसके उपरांत जाम हटा लिया गया. इस दौरान लगभग तीन घंटे तक सड़क जाम रहा. मौके पर बासुदेव साव, जिप सदस्य प्रतिनिधि अरुण राणा, पंसस प्रतिनिधि त्रिवेणी पांडेय, प्रमुख संगीता देवी, मुखिया महेश साव, हिरामण मिस्त्री सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
क्या है घटना
टुकनी देवी 22 जुलाई को अपने मायके गडगी से मोटरसाइकिल से अपने ससुराल लौट रही थी. इसी क्रम में गोहाल गांव के निकट मुख्य मार्ग पर एक अन्य मोटरसाइकिल सवार बासुदेव पांडेय ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गयी. चिकित्सकों ने उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी.
