टेंपो चोरी कर भाग रहे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हुआ खुलासा
दो अन्य अपराधी भागने में रहे सफल, गया के चंदौती से दो टेंपो बरामद
झुमरीतिलैया : तिलैया पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. हालांकि, गिरोह का एक ही सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ा है, जबकि दो फरार होने में सफल रहें.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय शिव कुमार (पिता- नरेश प्रसाद गुप्ता), निवासी चंदौती ब्लॉक के सामने वार्ड नंबर 29, थाना- रामपुर, जिला- गया (बिहार) के रूप में हुई है, जबकि फरार आरोपियों में 28 वर्षीय सुशील सिंह (पिता- राजेंद्र सिंह), निवासी वार्ड नंबर 30 व 29 वर्षीय ऋत्विक साव (पिता- स्व शंकर साव), निवासी वार्ड नंबर 29, थाना- चंदौती, जिला- गया बिहार शामिल हैं.
गिरोह से मिले सुराग के आधार पर चोरी के तीन टेंपो बरामद किये गये हैं. यह जानकारी मंगलवार को एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने तिलैया थाना में प्रेस वार्ता कर दी. एसडीपीओ ने बताया कि पिछले एक माह में तिलैया थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से कई टेंपो की चोरी हुई थी.
इसको लेकर एसपी ने थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया था. दो फरवरी की अहले सुबह तीन बजे छापेमारी दल द्वारा तिलैया बस्ती की तरफ से आ रहे एक टेंपो को रुकने का इशारा किया, लेकिन टेंपो चालक ने तेजी से भागने का प्रयास किया. पीछा कर उसे पकड़ा गया, जबकि दो व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाते हुए भाग गये.
पकड़े गये शिव कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह टेंपो (जेएच-12एफ-0298) को चोरी कर भाग रहा था. उसने बताया कि अन्य चोरी का टेंपो उसने गया बिहार में रखा है. इस जानकारी के बाद पुलिस टीम गया गयी और फरार आरोपी ऋतिक साव के घर से चोरी का अन्य टेंपो बरामद किये. बरामद टेंपो (जेएच-12जी-1857) गत 24 जनवरी व (जेएच-12एफ-4009) 28 जनवरी को तिलैया थाना क्षेत्र से चोरी की गयी थी.
इसको लेकर थाना में अलग-अलग केस दर्ज है. एसडीपीओ ने बताया कि अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. छापेमारी दल में थाना प्रभारी के अलावा एसआइ संजय कुमार शर्मा, ऋषिकेश सिन्हा, पैंथर जवान धर्मेंद्र कुमार देव, अरविंद कुमार, नंदलाल महतो, सुनील कुमार ठाकुर, जुबैर अहमद व आनंद कुमार देव शामिल थे.
