कोडरमा : जिला प्रशासन कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों पर अधिक-से-अधिक मतदान कराने को लेकर प्रयासरत है. इसी के तहत स्वीप कोषांग की ओर से कई कार्यक्रम किये जा रहे हैं. वहीं पदाधिकारी इन बूथों व गांवों में पहुंच कर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं. शुक्रवार को डोमचांच प्रखंड के कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केंद्र मसनोडीह व जानपुर गांव में स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया.
इस दौरान जीवन ज्योति कोडरमा के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया. मतदान करना कर्तव्य है के थीम पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की गयी. मसनोडीह में बीडीओ मनीष कुमार ने कम मतदान होने के कारण की जानकारी ली. ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि इस क्षेत्र के बहुत सारे युवा बाहर रहते हैं, जिस कारण से काफी लोग मतदान करने से वंचित रह जाते हैं.
बीडीओ ने ग्रामीणों से कहा कि जिस तरह लोग त्योहार मनाने घर आते हैं, उसी प्रकार लोकतंत्र के इस त्योहार में बाहर रह रहे लोगों को बुला कर शामिल करें और अधिक-से-अधिक मतदान करें. वहीं डोमचांच प्रखंड के मतदान केंद्र 216 में स्वीप टीम के द्वारा ग्रामीणों को पोस्टर, पंपलेट व हैडबिवल देकर जागरूक किया गया. मौके पर सोशल मीडिया पदाधिकारी आरती सिन्हा, स्वस्थ भारत प्रेरक सृष्टि राज औऱ पर्यवेक्षिका पूनम कुमारी व अन्य मौजूद थे.
इधर, मरकच्चो बीडीओ सुकेशनी केरकेट्टा व सीओ राम सुमन प्रसाद के नेतृत्व में प्रखंड के कम प्रतिशत वाले मतदान केंद्र 313 व 316 में कैंडल मार्च निकाल कर मतदाताओं को जागरूक किया गया. यही नहीं इएलसी के मास्टर ट्रेनर के द्वारा जिले के स्कूलों में शिक्षकों के बीच चुनावी पाठशाला का आयोजन किया गया. इधर, सतगावां प्रखंड के कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केंद्र मीरगंज व समलडीह में मतदाता जागरूकता चौपाल का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया गया.
मीरगंज पंचायत सचिव, पंचायत सेवक ने ग्रामीणों को मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि मतदान करना हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य है और लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक-से-अधिक लोग शामिल होकर मतदान करें.
