कोडरमा बाजार : सतगावां में मंगलवार को दो फेरी वालों को बच्चा चोर की अफवाह में पिटाई की घटना के बाद बुधवार को कोडरमा में दो जगहों पर बच्चा चोर की अफवाह उड़ी.
कोडरमा थाना क्षेत्र के बहेरवाटांड में बच्चा चोर की अफवाह में भीड़ ने एक विक्षिप्त महिला को पीट डाला तो दूसरी ओर इंदरवा चौक के पास नवलशाही की 65 वर्षीय वृद्ध महिला को बच्चा चोर समझ कर लोगों ने पकड़ा.
गनीमत यह रही कि पहली घटना में समय पर पहुंची पुलिस ने विक्षिप्त महिला को बचा लिया, तो इंदरवा चौक के पास भीड़ ने वृद्धा के साथ मारपीट नहीं की और उसे पुलिस को सौंप दिया. फिलहाल पुलिस द्वारा विक्षिप्त महिला का इलाज सदर अस्पताल में करवाया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय स्थित बहेरवाटांड में एक विक्षिप्त महिला घूम रही थी, जिसे लोगों ने बच्चा चोर समझ कर पिटाई कर दिया. उक्त विक्षिप्त महिला वहां से भागने में सफल रही, मगर लोकाई नगरखारा में समीप पुनः भीड़ की चंगुल में फंस गई. हालांकि, जानकारी मिलने पर एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने थाना को सूचित किया, जिसके बाद थाना प्रभारी राम नारायण ठाकुर दल बल के साथ पहुंचे व उक्त महिला को सदर अस्पताल में इलाज के लिए लाया.
वहीं दूसरी अफवाह थाना क्षेत्र के इंदरवा चौक के समीप फैली. किसी ने पुलिस को फोन कर सूचना दिया कि मारुती वैन से बच्चा को लेकर कुछ लोग भाग रहे है. सूचना पर थाना प्रभारी वहां पहुंचे तो पता चला कि एक वृद्ध महिला को कुछ लोग बच्चा चोर समझ कर पकड़े हुए हैं. हालांकि पूछताछ में पता चला कि उक्त वृद्ध महिला का घर नवलशाही है और सदर अस्पताल से इलाज करवा कर घर वापस लौट रही थी.
* अफवाह पर ध्यान न दें, पुलिस को सूचित करें
इस संबंध में कोडरमा थाना प्रभारी राम नारायण ठाकुर ने बताया कि बच्चा चोरी की एक भी घटना नहीं हुई है. यह सिर्फ अफवाह है और इसी अफवाह के कारण पुलिस दिन भर परेशान रही. उन्होंने बताया कि दोनों ही मामला फर्जी निकला. एक मामले में विक्षिप्त महिला को टारगेट किया गया, जबकि दूसरे मामले में वृद्ध महिला को. दोनों महिलाएं निर्दोष है. थाना प्रभारी ने आम जनों से अपील किया है कि बच्चा चोरी के आरोप में किसी संदिग्ध के साथ मारपीट नहीं करें. यदि शक हो तो इसकी सूचना पुलिस को दें. उन्होंने अफवाह फैलाने वालों से सतर्क रहने की भी अपील की.
थाना प्रभारी ने बताया कि बीते रविवार को भी कोडरमा टाउन स्टेशन (तीन तारा) व लक्खीबागी स्थित छोटू होटल के समीप बच्चा चोर होने की अफवाह फैलाई गई थी, जबकि जांच के क्रम में दोनों जगहों पर भिखारी निकले जो पेट भरने के लिए लोगों से रोटी मांग रहे थे.
