झुमरीतिलैया : साइबर अपराधियों ने शहर के एक व्यक्ति को फिर निशाना बनाते हुए बैंक खाते से हजारों रुपये उड़ा लिये. इस संबंध में पीड़ित अड्डी बंगला निवासी इंद्रदेव चौधरी ने तिलैया थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है. अपने आवेदन में उन्होंने कहा है कि उनका बैंक खाता यूनियन बैंक आफ इंडिया झुमरीतिलैया शाखा में है. आठ अप्रैल को उनके मोबाइल नंबर पर एक फोन आया और फोन करने वाले ने कहा कि मैं यूनियन बैंक के मुंबई स्थित हेड क्वार्टर से बोल रहा हूं.
आपने एक वर्ष से अपना एटीएम कार्ड प्रयोग नहीं किया, इसलिए आपका एटीएम कार्ड व खाता बंद होने वाला है. साथ ही बैंक खाते से जुड़ी गड़बड़ी दूर की जा रही है. फोन करनेवाले ने एटीएम कार्ड नंबर के साथ अन्य जानकारी मांगी. इसके कुछ देर बाद ही
उनके खाते से 53 हजार रुपये
की निकासी हो गयी. पुलिस ने इस संबंध में थाना कांड संख्या 72/18 दर्ज किया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
