चंदवारा : भाकपा अंचल कमेटी द्वारा वरीय विद्युत कार्यालय डीवीसी तिलैया डैम के समक्ष अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया. धरना के पूर्व तिलैया डैम ऊपर मोड़ से रैली निकाली गयी. रैली में डीवीसी प्लस टू उच्च विद्यालय का निजीकरण बंद करो, शिक्षकों का पदस्थापन अविलंब करो आदि नारे लगाये जा रहे थे. रैली का नेतृत्व अंचल सचिव रमेश यादव व त्रिलोकी महतो ने संयुक्त रूप से किया.रैली डीवीसी कार्यालय के समक्ष पहुंच कर सभा में तब्दील हो गयी. सभा की अध्यक्षता रमेश यादव ने की.
मौके पर जिला मंत्री सह जिप सदस्य महादेव राम ने कहा कि डीवीसी प्लस टू उच्च विद्यालय में तिलैया डैम के अगल-बगल के 30 गांवों के लगभग एक हजार बच्चे पढ़ रहे हैं. यदि इसका निजीकरण किया गया तो यह विस्थापितों के साथ अन्याय होगा. वहीं भाकपा जिला परिषद सदस्य कैलाश राम ने कहा कि डीवीसी स्थानीय गांवों को 1952 से छलने का काम कर रहा है. यदि एक सप्ताह के अंदर शिक्षकों का पदस्थापन नहीं हुआ, तो आंदोलन को तेज किया जायेगा.
वहीं कोडरमा अंचल सचिव प्रकाश रजक ने कहा कि डीवीसी प्रबंधन विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है. इस सवाल पर राज्य सरकार व स्थानीय सांसद, विधायक उदासीन है.
वहीं कोलुवा के पूर्व मुखिया रघुवीर यादव ने कहा कि तिलैया डैम पुल पर ट्रैक्टरों की आवाजाही बंद कर देने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है. सभा को जयनगर अंचल सचिव अर्जुन यादव व जिला कमेटी सदस्य महेश सिंह, सहायक जिला सचिव पुरुषोत्तम यादव, जगदीश ऋषिदेव, चंद्रिका पासवान, बसमतिया देवी, रिंकी देवी, रीता देवी ने भी संबोधित किया. इस अवसर पर फुलवा देवी, प्रयाग यादव, नीतीश कुमार यादव, सच्चिदानंद पांडेय, बहादुर कुशवाहा, कैलाश रजक, सरयू राम, कुंती देवी, राजनाथ महतो, अजीम अंसारी, शांति देवी, उदय भारती, गुलाब गिरि आदि मौजूद थे. धरना के उपरांत डीवीसी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया.
