तोरपा, खूंटी: मानव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शनिवार को डोड़मा से दो नाबालिग लड़कियों को सकुशल रेस्क्यू किया. दोनों सिमडेगा जिले के महाबुआंग थाना क्षेत्र की रहनेवाली बतायी गयी हैं. पुलिस अधीक्षक, खूंटी को सूचना मिली थी कि दोनों को एक व्यक्ति ने अपने पास रखा है और मानव तस्करी के उद्देश्य से दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है.
एसपी के निर्देश पर महिला थाना और तोरपा थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दोनों को अभियुक्त के कब्जे से छुड़ाया. बाद में दोनों को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सौंप दिया गया. पुलिस दोनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है. पुलिस ने लोगों से मानव तस्करी की संदिग्ध गतिविधि की सूचना 112 या चाइल्डलाइन 1098 पर देने की अपील की है.
भटकी दो नाबालिगों को अभिभावक के हवाले किया
एक अन्य मामले में रांची से भटककर तोरपा पहुंची दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने उनके अभिभावकों के हवाले कर दिया. पुलिस ने दोनों से जानकारी लेकर परिजनों को सूचना दी. इसके बाद अभिभावक थाना पहुंचे और दोनों को अपने साथ ले गये.
