पेरवांघाघ व पांडुपुरिंग को इको टूरिज्म सर्किट के रूप में होगा विकसित
पेरवांघाघ व पांडुपुरिंग को इको टूरिज्म सर्किट के रूप में होगा विकसित
तोरपा. झारखंड सरकार ने मंगलवार को पेश किये बजट में तोरपा के पेरवां घाघ जलप्रपात व पांडुपुरिंग को इको टूरिज्म सर्किट के रूप में विकसित करने की घोषणा की है. इसके लिए बजट में प्रावधान किया गया है. विधायक सुदीप गुड़िया ने पेरवां घाघ व पांडुपुरिंग को विकसित करने के लिए पर्यटन मंत्री से मिल कर मांग की थी. उनकी मांगों पर गंभीरता पूर्वक विचार करने के बाद सरकार ने इसे इको टूरिज्म सर्किट के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया. मंगलवार को विधानसभा में पेश किये गये बजट में इसकी घोषणा की गयी. सरकार की घोषणा के बाद इसे विकसित करने के लिए कई काम होंगे. तपकारा से पेरवां घाघ तथा डेरांग मोड़ से पांडुपुरिंग जानेवाला रास्ते का चौड़ीकरण किया जायेगा. इसके अलावा यहां पर्यटकों की सुविधा के लिए कई योजनाएं लायी जायेगी.
क्षेत्र के लोगों को मिली सौगात :
विधायक विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि पेरवां घाघ तथा पांडुपुरिंग को इको टूरिज्म सर्किट के रूप में विकसित करने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है. इसके लिए बजट में घोषणा की गयी है. सरकार के निर्णय से क्षेत्र के लोगों में खुशी है. यह क्षेत्र के लोगों को सरकार द्वारा दी गयी सौगात है. इससे पूरे प्रखंड में रोजगार के नये अवसर खुलेंगे. क्षेत्र में रोजगार को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि पेरवां घाघ तथा पांडुपुरिंग जाने की सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा. उन्होंने इसके लिए सरकार का आभार जताया.
सैलानियों को सुविधाएं मिलेगी :
झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने पेरवांघाघ एवं पांडुपुरिंग को विकसित करने की सरकार की घोषणा तथा इसके लिए बजट में प्रावधान किये जाने के निर्णय का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि पांडुपुरिंग व पेरवां घाघ में बड़ी संख्या में पर्यटक प्रति वर्ष पहुंचते हैं. इसको ध्यान में रखते हुए इसे विकसित करना जरूरी था. विकसित होने से ज्यादा ज्यादा से पर्यटक यहां आयेंगे, जिससे रोजगार बढ़ेगा. यहां सैलानियों को कई सुविधाएं मिलेंगी.
झारखंड सरकार के बजट में तोरपा को मिली सौगात
विधानसभा में पेश किये गये बजट में की गयी घोषणा
तपकारा से पेरवां घाघ तथा डेरांग मोड़ से पांडुपुरिंग जानेवाली सड़क का चौड़ीकरण होगा