खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले के रनिया भूषण कांसी प्रखंड मुख्यालय स्थित बेलसियागढ़ फुटबॉल स्टेडियम का निर्माण कार्य अधूरा रहने से खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. स्टेडियम का शिलान्यास मई 2025 में किया गया था, लेकिन अब तक केवल मैदान की घेराबंदी का कार्य ही पूरा हो सका है. मैदान का समतलीकरण सहित अन्य जरूरी कार्य भी अधूरे पड़े हुए हैं.
स्टेडियम बनने की आस में लोगों में खुशी थी, लेकिन अब हैं नाराज
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्टेडियम बनने की घोषणा से क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में काफी उत्साह था. उम्मीद थी कि यहां बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, लेकिन लंबे समय बाद भी मैदान की स्थिति जस की तस बनी हुई है. इलाके में खिलाड़ी ऊबड़-खाबड़ और ऊंचे-नीचे मैदान में अभ्यास करने को मजबूर हैं. बीते मंगलवार को भी एएसके इंग्लिश मीडियम स्कूल, हारासुकू और संत थॉमस स्कूल के खिलाड़ी इसी मैदान में खेलने पहुंचे. खिलाड़ियों ने बताया कि असमतल मैदान पर खेलने से चोट लगने का खतरा बना रहता है.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC को अभ्यर्थी हितैषी बनाने के लिए सरकार ने मांगे सुझाव
15 अगस्त के कार्यक्रम में भी हो सकती है परेशानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में प्रखंड मुख्यालय के ब्लॉक मैदान में स्वतंत्रता दिवस समेत विभिन्न कार्यक्रम और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती थीं. स्टेडियम निर्माण की उम्मीद से लोगों को लगा था कि आने वाले समय में यहां बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. लेकिन निर्माण अधूरा रहने से 15 अगस्त के कार्यक्रमों में भी बच्चों और खिलाड़ियों को परेशानी होने की आशंका है.
मैदान को जल्द तैयार करने की मांग
जिप सदस्य बिरेन कंडुलना ने स्टेडियम का निर्माण कार्य अधूरा रहने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेडियम का निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन लंबे समय से कार्य अधूरा पड़ा है. यंग ब्रदर्स क्लब रनिया के सदस्यों ने भी प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द मैदान का समतलीकरण कराने की मांग की है. क्लब सदस्यों का कहना है कि समय रहते निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ, तो क्षेत्र के खिलाड़ियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें: राजकीय श्रावणी मेला: बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ी भक्तों की भीड़, देखें तस्वीरें
