खूंटी: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में स्वैच्छिक रक्तदान को संस्थागत स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से गठित जिला स्तरीय ब्लड डोनेशन अवेयरनेस एवं मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक मंगलवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में उपायुक्त ने सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की.
उन्होंने ब्लड बैंक की क्षमता, उपलब्ध रक्त यूनिटों की संख्या और भंडारण व्यवस्था की जानकारी ली. साथ ही ब्लड सेपरेशन यूनिट की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की. उपायुक्त ने स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का निर्देश दिया. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और रेड क्रॉस सोसाइटी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा.
उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के साथ बैठक कर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों, पुलिस लाइन और अन्य संस्थानों में नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया.
बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, डीएसपी मुख्यालय, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित ब्लड डोनेशन अवेयरनेस एवं मॉनिटरिंग कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे.
