प्रतिनिधि, खूंटी खूंटी के महिला थाना में एक नाबालिग के साथ बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है. घटना रविवार की बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार नाबालिग के पिता मानव तस्करी के एक मामले में आरोपी है. रविवार को पुलिस उसे तलाश करने उसके घर गयी थी. घर पर जब आरोपी नहीं मिला तो पुलिस ने उसके नाबालिग बेटे को लेकर महिला थाना आ गयी. इसके बाद थाना में उसके साथ एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के एसआइ संतोष रजक ने बेरहमी के साथ मारपीट की. मारपीट इतनी अधिक की गयी कि नाबालिग को ठीक से चलने और बैठने में दिक्कत हो रही है. इसकी जानकारी मिलने पर सोमवार को आरोपी पुलिस अफसर को निलंबित कर दिया गया. वहीं, उसके खिलाफ जांच शुरू की गयी. मामले पर बाल कल्याण समिति ने भी संज्ञान ली है. जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अल्ताफ खान ने बताया कि चाइल्ड हेल्प लाइन में मामला आया था. इसके बाद बच्चे का सदर अस्पताल में इलाज किया गया. उसके साथ बेरहमी के साथ मारपीट की गयी है. सीडब्ल्यूसी में उसका बयान लिया गया. एसपी अमन कुमार ने कहा कि डीएसपी मुख्यालय को 48 घंटे के अंदर विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है. जांच में अफसर को दोषी पाये जाने पर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
