खूंटी. एकल अभियान मुरहू संच द्वारा मुरहू के कोड़ाकेल स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में बुधवार को आचार्यों की बैठक आयोजित की गयी. इस अवसर पर पाठ्य सामग्री और कॉपी-कलम वितरित की गयी. बैठक में पढ़ाई के साथ सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर विचार-विमर्श किया गया.
30 एकल विद्यालयों का हो रहा संचालन
संच अध्यक्ष डॉ डीएन तिवारी ने कहा कि एकल अभियान ग्रामीण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहा है. मुरहू संच में 30 एकल विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है. विद्यालयों में छात्रों को पठन-पाठन, स्वास्थ्य शिक्षा, संस्कार शिक्षा, हस्तशिल्प, जागरण शिक्षा सहित ग्राम विकास शिक्षा दी जाती है.
खेती-बारी की भी दी जाती है जानकारी
उन्होंने बताया कि गांवों में खेती-बारी को लेकर जैविक और रासायनिक खेती की जानकारी भी दी जाती है. इससे ग्रामीणों को कृषि से संबंधित बेहतर जानकारी मिल सके.
अंधविश्वास से दूर रहने की अपील
कार्यक्रम में गांवों में अंधविश्वास, झाड़-फूंक से दूर रहने और सही समय पर इलाज कराने सहित अन्य जानकारी दी गयी. भूत-प्रेत, डायन-विसाही आदि भ्रम को दूर करने तथा किसी के बहकावे में आकर आपसी सद्भाव नहीं बिगाड़ने की अपील की गयी.
मौके पर महेंद्र नाग, जय सिंह मुंडा, ओमपति देवी, ध्रुवेंद्र भास्कर, अनिता देवी, मनीषा कुमारी, सुधा कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे.
