कर्रा. जरियागढ के मंडा मेला में बुधवार को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. जिसके बाद मामला जरियागढ़ थाना तक पहुंच गया. जहां मामले को शांत कराया गया. जानकारी के अनुसार बुधवार को मेला परिसर में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहा-सुनी हो गयी. जिसे लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गयी. जिसके बाद मामला जरियागढ़ थाना पहुंचा. घटना की जानकारी मिलते ही तोरपा एसडीपीओ ख्रिस्तोफर केरकेट्टा, अंचल अधिकारी अन्वेषा ओना, सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग थाना पहुंचे. वहीं मौके पर जरियागढ़ पंचायत मुखिया सुनीता चोचा और गोविंदपुर पंचायत मुखिया मीना देवी उपस्थित रहे. सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पहले दोनों पक्षों को अलग-अलग सुना. इसके बाद दोनों पक्षों ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में शांति बनाये रखने का आश्वासन दिया. अधिकारियों ने कहा कि मंडा मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और एकता का प्रतीक है. छोटे विवादों को बातचीत से सुलझाना ही परंपरा की रक्षा है. थाना प्रभारी वीरेन्द्र कुमार ने भी दोनों पक्षों से शांतिपूर्ण माहौल बनाये रखने की अपील की. मौके पर कर्रा थाना प्रभारी दीपक कांत, तोरपा थाना प्रभारी मुकेश यादव, लोधमा पिकेट प्रभारी निशा कुमारी, पुअनि अनंत पंडित सहित सुरक्षा बल तैनात रहे.
जरियागढ़ मंडा मेला के दौरान दो पक्षों में विवाद, थाना में सुलझा मामला
जरियागढ के मंडा मेला में बुधवार को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया.
