Khunti (तोरपा): दुर्गा ग्रामीण इंडेन वितरक तोरपा के संचालक नरेंद्र साव के हिल चौक, नगर भवन के पास स्थित आवास के पास अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. अपराधियों ने घर के बाहर खड़ी उनकी कार महिंद्रा 3 एक्स ओ कार पर भी फायरिंग की. फायरिंग से कार का शीशा चकनाचूर हो गया है. घटना सोमवार की रात लगभग 11:30 बजे की बताई जाती हैं. मिली जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है. तीनों अपराधी एक ही बाइक पर सवार होकर नरेंद्र साहू के घर के सामने पहुंचे थे.
तीन में से एक अपराधी ने की फायरिंग
एक अपराधी बाइक से उतरा और अचानक से फायरिंग शुरू कर दी. बाकी के दो अपराधी बाइक पर ही बैठे रहे और इस दौरान बाइक स्टार्ट थी. बाइक से उतरे अपराधी ने बेखौफ होकर काफी देर तक फायरिंग की. एक गोली घर के सामने खड़े कार के शीशे को चिरते हुए निकल गयी. दो गोली मारुती सर्विस सेंटर के बोर्ड पर लगी. मंगलवार की सुबह घटना की सूचना तोरपा पुलिस को दी गयी.
हर बिंदु पर जांच कर रही है पुलिस
सूचना पाकर एसडीपीओ क्रिस्तोफर केरकेट्टा, थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव, सब इंस्पेक्टर रोशन खाखा, संजीव करण आदि पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और दो गोली बरामद किया है. पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. इस संबंध में तोरपा थाना में मामला दर्ज किया गया है. अपराधियों की पहचान की जा रही है.
एसडीपीओ ने कहा कि घटना के संबंध में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है. अपराधियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जायेगी.
ये भी पढ़ें…
रामनवमी के जुलूस में धनबाद की बेटियों का दिखेगा हुनर, अखाड़ों में बहा रहीं पसीना
चतरा में होमगार्ड बहाली डेट में बदलाव, 1 अप्रैल से शुरू होगा फिजिकल और रिटेन एग्जाम
