अफवाह से बचें, भाईचारे व सौहार्द्र के साथ मनायें त्योहार : एसडीएम

रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को लेकर सोमवार को खूंटी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी.

खूंटी. रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को लेकर सोमवार को खूंटी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता एसडीएम दीपेश कुमारी ने की. बैठक में एसडीपीओ वरुण रजक, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह सहित रामनवमी समिति, केंद्रीय सरना समिति, अंजुमन इस्लामिया, महावीर मंडल आदि संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे. बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम दीपेश कुमारी ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनायें, यही प्रशासन की प्राथमिकता भी है. उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. किसी भी प्रकार का संदिग्ध संदेश मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें. उन्होंने बताया कि 20–21 मार्च को ईद और सरहुल तथा 27 -28 मार्च को रामनवमी जुलूस के मद्देनजर हड़िया -दारू की बिक्री एवं सेवन पर रोक लगायी गयी है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे. एसडीपीओ वरुण रजक ने कहा कि तीनों पर्वों के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जायेगी तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग, पूजा स्थलों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जायेगी. सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने रामनवमी जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन करने, डीजे की ध्वनि सीमा का ध्यान रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की. बैठक में विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी बातें रखीं. रामनवमी समिति ने जुलूस मार्ग की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा बल की तैनाती की मांग की. केंद्रीय सरना समिति ने सरहुल जुलूस के दौरान यातायात नियंत्रण, पेयजल की व्यवस्था और पारंपरिक कार्यक्रमों के लिए सहयोग की मांग रखी, जबकि अंजुमन इस्लामिया के प्रतिनिधियों ने ईद की नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, बिजली-पानी की व्यवस्था तथा पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया. अधिकारियों ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष अनूप साहू, ज्योतिष भगत, आनंद राम, किशोर गंझु, बालमुकुंद कश्यप सुनील कुमार, साहू, खालिद अंसारी, श्याम अंसारी, शमशाद अंसारी, बागराय मुंडा, बुधराम सिंह मुंडा, सानिका, सुगुन दास मुंडा आदि उपस्थित थे.

रामनवमी को लेकर खूंटी सहित कई थानों में हुई शांति समिति की बैठक

ईद और सरहुल के मद्देनजर 20–21 मार्च को और 27 -28 मार्च को रामनवमी जुलूस को लेकर हड़िया-दारू की बिक्री व सेवन पर लगी रोक

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Satish sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >