खूंटी. जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष रसिकेश कुमार के निर्देश पर रविवार को खूंटी उपकारा में जेल अदालत सह कानूनी जागरुकता शिविर लगाया गया. डालसा सचिव राजश्री अपर्णा कुजूर ने कैदियों को डालसा के कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि डालसा वैसे परिवारों को मदद करती है, जिसका वार्षिक आय तीन लाख से कम हो. उन्हें डालसा निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराती है. बंदी अथवा बंदी के परिवार के सदस्य, आम लोगों तक पहुंचकर सहायता करती है. उन्होंने बंदियों को उनके अधिकार के बारे में जानकारी दी. काराधीन बंदियों को अपने-अपने वाद संख्या, अपने अधिवक्ता का नाम व मोबाइल नंबर की जानकारी रखने का अधिकार है. उन्होंने कहा कि डालसा के सहयोग से बहुत से महिला-पुरुष बंदियों को फिर से नयी जिंदगी जीने व अपने परिवार के साथ जिंदगी गुजारने का मौका प्राप्त हुआ. इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इसमें उपकारा में बंद कैदियों की स्वास्थ्य जांच की गयी. वहीं, मरीजों को मुफ्त में दवा दी गयी. मौके पर एलएडीसी असिस्टेंट अमरदीप कुमार, प्रभारी कारा अधीक्षक अनुराधा कुमारी, शहजादा खान, पीएलवी सुदर्शन महतो, जगन्नाथ सिंह मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
