खूंटी : जिला गव्य विकास कार्यालय खूंटी द्वारा बीपीएल महिला लाभुकों के लिए सोमवार से तीन दिवसीय गव्य पालन प्रशिक्षण शुरू किया गया.
इसका शुभारंभ रवींद्र कुमार सिंहा (सहायक निदेशक गव्य विकास निदेशालय, झारखंड) ने किया. उन्होंने कहा कि गव्य पालन से महिला लाभुकों को स्वावलंबी बनाना विभाग की प्राथमिकता है.
महिलाओं को गो पालन में कोई दिक्कत न हो इसकी विस्तृत जानकारी हेतु ही प्रशिक्षण दिया जा रहा है. बताया गया कि लाभुकों को संबंधित विभाग द्वारा अनुदान पर दुधारू गाय दिया जा रहा है.
प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी व बायफ के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने गो पालन व समुचित देखभाल पर विस्तृत जानकारी दी. इसका वीडियो प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया. बताया गया कि उक्त तीन दिवसीय प्रशिक्षण में दुधारू पशु प्रबंधन, हरा चारा प्रबंधन, कृत्रिम गर्भाधान आदि विषयों पर लाभुकों को दक्ष किया जायेगा. प्रशिक्षण पंचायत स्तर पर भी दिया जायेगा. प्रशिक्षण में डोड़मा, गुटजोरा, बेलांगी, सोसोटोली, गनालोया के 56 महिला लाभुक हिस्सा ले रही हैं.
