खलारी : खलारी प्रखंड व अंचल कार्यालय कंप्यूटर ऑपरेटरों के भरोसे चल रहा है. बीडीओ, सीओ कार्यालय नहीं पहुंचे, तो प्रखंड व अंचल कर्मचारी गायब मिलते हैं. शनिवार को ऐसा ही नजारा देखने को मिला. अंचल अधिकारी अवकाश पर थे. अंचल निरीक्षक व नाजिर विभागीय कार्य से रांची गये थे. बीडीओ भी विभागीय कार्य से रांची गये थे. प्रखंड कार्यालय में सिर्फ एक बड़ा बाबू बचे थे. हाल यह था कि कंप्यूटर ऑपरेटर ही प्रखंड व अंचल को संभालने के लिए बचे थे.
कोई कर्मचारी चिट्ठी रिसीव करने के लिए भी उपलब्ध नहीं था. यह नजारा केवल एक दिन का नहीं है बल्कि जिस दिन बड़े अधिकारी किन्हीं कारणों से कार्यालय में नहीं होते हैं उस दिन यही स्थिति देखने को मिलती है. यहां पहले से ही कई विभागों के अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर हैं. खलारी के अलावे दूसरे अंचल-प्रखंड की भी उनकी जवाबदेही है. इन अधिकारियों का दर्शन तो महीने में एक-दो बार ही हो पाता है. रोजगार सेवक प्रखंड दिवस को छोड़ गायब ही रहते हैं. प्रखंड व अंचल कार्यालय की इस स्थिति से खलारी की जनता परेशान है.
