बुंडू़ : बड़ा तालाब की सफाई से बुंडू के मछुआरों की बेरोजगारी की समस्या दूर होगी. साथ ही उनके जीवनस्तर में सुधार होगा. उक्त बातें कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने कही. वे दो अक्तूबर को बुंडू बांध की सफाई एवं स्वच्छता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे.
उन्होंने कहा कि बड़ा तालाब साफ हो जाने से मछुआरों के लिए वरदान साबित होगा. बुंडू एसडीएम संदीप सिंह ने कहा चांडिल की तर्ज पर यहां के मछुआरे को-ऑपरेटिव सोसाइटी बना कर केज सिस्टम से मछली उत्पादन करें.
एसडीएम ने सचिव को बताया नगर विकास विभाग द्वारा बड़ा तालाब की सफाई के लिए पांच करोड़ रुपये की योजना बनायी गयी थी, लेकिन मत्स्य निदेशालय ने सवा चार लाख रुपये में ही तालाब को साफ कर दिया. मत्स्य निदेशक राजू कुमार ने बताया तालाब में सलाना 200 क्विंटल मछली उत्पादन का लक्ष्य है. मछली पकड़ने के लिए मछुआरों को नाव व जाल उपलब्ध कराये जा रहे हैं.
तालाब में मछली पकड़ने वाले मछुआरों का दो लाख का मुफ्त बीमा कराया जायेगा. मत्स्य पालाकों के लिए मत्स्यजीवी सहयोग समिति का गठन किया जायेगा. इस अवसर पर अतिथियों द्वारा मछुअरों को शौचालय की चाबी, जाल, प्रमाण पत्र, मोमेंटो और गमछा देकरसम्मानित किया.
