प्रीमियम की राशि मंत्री अपने वेतन मद से देंगे
खूंटी : जनता ने मुझे चार बार जीत दिला कर विधायक बनाया. जनता के आर्शीवाद के कारण ही आज मैं मंत्री हूं. लोगों के इस उपकार को चुकाने के लिए मैंने अपने विधानसभा क्षेत्र की सभी गरीबों का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा कराने का निर्णय लिया है. प्रीमियम की राशि मैं अपने वेतन से दूंगा़ उक्त बातें ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कही. वे खूंटी के सिलादोन में विभिन्न बैंकों द्वारा आयोजित शिविर में बोल रहे थे़
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व जीवन ज्योति बीमा योजना गरीबाें का सहारा है. आकस्मिक मृत्यु के बाद ये योजनाएं अत्यंत लाभकारी हैं. सभी लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवदेन देना चाहिए़
लोगों का भविष्य सुरक्षित होने से ही राष्ट्र मजबूत होगा. ऐसे शिविर खूंटी विधानसभा क्षेत्र के सभी पंचायतों में लगाये जायेंगे. भाजपा जिलाध्यक्ष ओपी कश्यप, मुरहू प्रखंड अध्यक्ष काशीनाथ महतो, खूंटी मंडल अध्यक्ष संजय साहू व सचिन शाहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की गरीबों के हित में योजनाएं बनायी है.
श्री मुंडा के प्रयास से विधानसभा क्षेत्र की जनता का भविष्य सुरक्षित होगा. एलडीएम अरुण गुप्ता ने बीमा योजना पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम का संचालन लीलू पाहन ने किया. मौके पर अर्जुन साहू, विकास चौधरी, अनूप साहू, राजेंद्र केसरी, बालगोविंद सिंह, दामोदर साहू, मुखिया रीना कुजूर आदि मौजूद थे
