दरवाजा तोड़कर घुसे अपराधी, दिया घटना को अंजाम
खूंटी : मुरहू थाना क्षेत्र के सिरका गांव में अपराधियों ने सोमारी पूर्ति (70) नामक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी. घटना शुक्रवार रात की है.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. पुलिस इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. मृतका के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात घर के लोग सोये थे. लगभग 11 बजे अपराधियों ने दरवाजा खटखटाया.
नहीं खोलने पर उनलोगों ने दरवाजा तोड़ दिया. चार अपराधी घर में घुस गये. सोमारी पूर्ति को खोजकर गला रेत कर उसकी हत्या कर दी. इस दौरान उन्होंने परिवार के किसी अन्य सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गये. एसडीपीओ आशीष कुमार महली ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डायन-बिसाही का प्रतीत हो रहा है. घटना का खुलासा जल्द कर लिया जायेगा.
