खूंटी : गर्मी का मौसम आते ही शहरी क्षेत्र में भी पेयजल की समस्या उत्पन्न हो जाती है. कई मुहल्लों में लोगों को पानी नहीं मिल रही है. लोगों के घरों की बोरिंग और कुएं सूख गये हैं. पानी की समस्या को दूर करने के लिए नगर पंचायत द्वारा विभिन्न वार्ड में टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा है. इसके लिए कुल 11 टैंकर को लगाया गया है़.
लोगों की आवश्यकता के अनुसार सभी वार्ड में टैंकर से पानी दिया जा रहा है. नगर पंचायत का दावा है कि किसी भी क्षेत्र में लोगों को पानी की समस्या नहीं होने दी जायेगी. नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी महेंद्र राम ने बताया कि नियमित रूप से शहरी जलापूर्ति भी पूरी की जा रही है. इसके अलावा शहर में कहीं चापाकल खराब होने की शिकायत मिल रही है तो तत्काल उसकी मरम्मत करायी जा रही है. उन्होंने बताया कि शहर में कुल 356 चापाकल कार्यरत हैं. वहीं 40 चापाकल खराब हैं. उनके स्थान पर नये चापाकल लगाने का भी कार्य किया जा रहा है.
