आलू के बोरे के नीचे छुपा कर रखा गया था डोडा
खूंटी : खूंटी पुलिस ने एक ट्रक डोडा के साथ सात तस्करों को गिरफ्तार किया है. ट्रक पर 97 बोरा डोडा लदा था. जिसे दूसरे प्रदेश ले जाया जा रहा था़
जब्त डोडा का वजन 1438 किलोग्राम है. इसका बाजार मूल्य लगभग 22 लाख रुपये है. डोडा छुपाने के लिए उसके ऊपर आलू के बोरे लादे गये थे. तस्करों के पास से 78 हजार नकद व पांच मोबाइल फोन भी बरामद किया गया. यह जानकारी एसपी आलोक ने सोमवार को खूंटी थाना में प्रेस कांफ्रेंस कर दी.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर रविवार देर रात लगभग ढाई बजे थाना के गेट के सामने ही डोडा लदे ट्रक को पकड़ा. पकड़े गये तस्करों में जफर हसन व रामचंद्र मौर्य (बरेली, उत्तर प्रदेश) तथा संदीप कुमार, ललन यादव, राहुल प्रसाद, सागर कुमार व प्रवेश कुमार लातेहार जिला के बालूमाथ के रहने वाले हैं. एसपी ने बताया कि डोडा को खूंटी से बरेली होते हुए पंजाब व हरियाणा ले जाया जाना था. वहां इसे पीस कर डस्ट बनाया जाता है़ जिसका उपयोग नशा के लिए किया जाता है.
लंबी दूरी के ट्रकों के ड्राइवर इसका सेवन करते हैं. इसके अलावा इसे लाइन होटलों में चाय व दूध में भी मिलाया जाता है. एसपी के अनुसार डोडा के खरीदार व बिक्री करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार पांच तस्कर कार से ट्रक को स्कॉट कर रहे थे जबकि दो ट्रक पर सवार थे.
पुलिस ने कार व ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है. उनके मालिकों पर भी कार्रवाई की जा रही है़ छापेमारी अभियान में एसडीपीओ आशीष कुमार महली, थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, पुअनि उमाशंकर, हरि महतो, पुष्पराज कुमार, बिरजू प्रसाद, मो हसरत जमाल, रंजीत कुमार यादव व सशस्त्र बल शामिल थे.
