खूंटी : इस वर्ष दुर्गापूजा में सुरक्षा-व्यवस्था सख्त और हाइटेक होगी. शहर के सभी पूजा पंडालों की निगरानी ड्रोन से की जायेगी. इसके लिए दो ड्रोन कैमरे का प्रयोग किया जायेगा. एक ड्रोन कैमरा का प्रयोग जिला प्रशासन और दूसरे का उपयोग पुलिस करेगी. दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जायेगी.
इसके लिए शहर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे को भी दुरुस्त किया जा रहा है. शहर में गत वर्ष विधायक मद से 24 सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे. इसमें से ज्यादातर खराब हो चुके हैं. दुर्गापूजा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी कैमरों की पूजोत्सव से पूर्व मरम्मत करने का निर्देश दिया है. वहीं सभी पूजा पंडाल के अंदर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया.
आगजनी से बचने के लिए सभी पूजा पंडालों में अग्निशमन यंत्र लगाया जायेगा. इसके अलावा अग्निशमन वाहन भी 24 घंटे तैयार रहेगी. एसडीओ प्रणव कुमार पाल ने पूजा पंडालों में ज्वलनशील पदार्थों का प्रयोग नहीं करने का भी निर्देश दिया है. उन्होंने बताया कि विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल भी तैनात रहेंगे.
