खूंटी: सांसद कड़िया मुंडा ने सांसद आदर्श ग्राम योजना अंतर्गत चयनित पंचायत तिलमा में क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा की. जिला पंचायती राज पदाधिकारी से पीसीसी पथ निर्माण, सोलर लाइट व सोलर वाटर पंप शेड निर्माण के संबंध में जानकारी ली. 14वें वित्त आयोग से प्रस्तावित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने की बात कही. कृषि विभाग […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
खूंटी: सांसद कड़िया मुंडा ने सांसद आदर्श ग्राम योजना अंतर्गत चयनित पंचायत तिलमा में क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा की. जिला पंचायती राज पदाधिकारी से पीसीसी पथ निर्माण, सोलर लाइट व सोलर वाटर पंप शेड निर्माण के संबंध में जानकारी ली. 14वें वित्त आयोग से प्रस्तावित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने की बात कही.
कृषि विभाग की समीक्षा में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि तिलमा पंचायत को बीज ग्राम के रूप में विकसित करने हेतु बीजों का वितरण किया गया है. सब्जी खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को प्रशिक्षण दिया गया है. सांसद ने कहा कि कृषि कार्य हेतु सिंचाई की समुचित व्यवस्था की जाये. तिलमा को आदर्श स्वावलंबी ग्राम बनाना है. यहां सिंचाई के लिए कुआं, तालाब की व्यवस्था करें. ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा में कार्यपालक अभियंता ने कहा कि आदर्श पंचायत तिलमा अंतर्गत ग्राम सभा से पारित प्रस्तावित पथों की सूची तैयार कर ली गयी है तथा तीन पथों का कार्य चल रहा है. पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल की समीक्षा में कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि सर्वे के आधार पर हाकाडूबा, करौड़ा, संडासोम व कुजराम ग्राम में डीप बोरिंग तथा सोलर सिस्टम जलापूर्ति का डीपीआर तैयार किया गया है.
सांसद ने कहा कि जहां पर पत्थर है वहां पर डायमंड बोरिंग का प्रस्ताव बनाये. तिलमा पंचायत को ओडीएफ करने हेतु अबतक निर्मित शौचालयों की जानकारी उप विकास आयुक्त ने दी. भूमि संरक्षण विभाग ने बताया कि कुल पांच तालाब के जीर्णोद्धार पर कार्यवाही की जा रही है.
सांसद ने जिला शिक्षा अधीक्षक को तिलमा में अवस्थित 13 विद्यालयों में छात्रों के अनुपात में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा. वहीं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना व झारखंड कौशल विकास योजना के अंतर्गत जिला में कार्यरत प्रशिक्षण संस्थाओं से अबतक कितने लोगों को किन-किन ट्रेडों में प्रशिक्षण व रोजगार उपलब्ध कराया गया, इसकी भी विस्तृत जानकारी मांगी. स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य उपकेंद्र, तिलमा में 10 बेड की चिकित्सीय व्यवस्था के साथ ही सर्जरी व प्रसव की समुचित व्यवस्था कराने की बात कही. उपायुक्त डॉ मनीष रंजन ने बताया कि तिलमा पंचायत में 60 सोलर लाइट लगायी जानी है. जिसमें 10 का अधिष्ठान किया गया है. बैठक में एसडीओ प्रणव कुमार पाल, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे.