खूंटी : राज्य में पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर आजसू महिला मोरचा ने भगत सिंह चौक पर धरना दिया. अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुधा मुंडू व लोधा नायक ने संयुक्त रूप से की. सुधा मुंडू ने कहा कि सरकार अगर राज्य का विकास चाहती है, तो बिहार की तरह झारखंड में भी पूर्ण शराबबंदी लागू करे. तभी राज्य का समुचित विकास संभव है.
उन्होंने कहा कि सरकार खुद शराब का व्यापारी बनकर राज्य की जनता को राजस्व के लोभ में डुबो रही है. लोधा नायक ने कहा कि आजसू पार्टी का संकल्प है कि जब तक राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू नहीं होता है, आंदोलन जारी रहेगा. वरीय उपाध्यक्ष दिनेश महतो ने कहा कि शराब हर क्षेत्र के विकास में सबसे बड़ा बाधक है.
सरकार को जनहित में राज्य में अविलंब पूर्ण शराबबंदी लागू करना चाहिए. रोशनी रूंडा ने कहा कि जिले में अधिकांश परिवार शराब के कारण बिखर गये हैं. सरिता रूंडा ने कहा कि गांवों की दशा काफी खराब है. युवा वर्ग शराब के नशे में डूबा रहता है.
सरकार युवाअों का विकास चाहती है, तो राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू होना चाहिए. असरीता एवं हेमलता संगा ने कहा कि राज्य में जल्द पूर्ण शराबबंदी लागू नहीं हुआ, तो महिला मोरचा सरकार के देशी-विदेशी शराब दुकानों के खिलाफ मोरचा खोलेगी. धरना में प्रखंडों की महिला मोरचा की पदधारी व कार्यकर्ता मौजूद थे.
