Jharkhand Weather Report: उत्तर भारत में रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी का असर अब झारखंड के मौसम पर भी साफ दिखने लगा है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में नमी और ठंडी हवाओं की आवाजाही बढ़ी है, जिससे राज्य के कई इलाकों में ठंडक महसूस की जा रही है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक झारखंड में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहेगा. सुबह के समय कोहरा छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
अगले पांच दिनों का तापमान ट्रेंड
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में झारखंड के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों में यही न्यूनतम तापमान फिर से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. यानी दिन में हल्की गर्मी और रात व सुबह में ठंड का असर बना रहेगा. 11 और 12 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि दिन के समय मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
सबसे ठंडा रहा गुमला, कई जिलों में ठिठुरन
मंगलवार को झारखंड में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा मेदिनीनगर में 7.7 डिग्री, कांके में 7.5 डिग्री और रांची में 10.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. पहाड़ी और पठारी इलाकों में ठंडी हवा के कारण सुबह और देर रात ठिठुरन ज्यादा महसूस की जा रही है.
प्रमुख शहरों का तापमान हाल
राज्य के बड़े शहरों की बात करें तो रांची में अधिकतम तापमान 27.0 और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जमशेदपुर में दिन का तापमान 30.4 और रात का 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा. मेदिनीनगर में अधिकतम 30.6 और न्यूनतम 7.7 डिग्री, बोकारो में 30.1 और 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम 11.4 डिग्री रहा, जबकि गुमला में दिन का तापमान 25.8 और रात का 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम झारखंड का पूर्वानुमान
उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे घटकर 9 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. उत्तर-पश्चिम झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू जिलों में भी इसी तरह का ट्रेंड रहेगा, जहां रात का तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.
केंद्रीय और दक्षिणी झारखंड में मौसम की स्थिति
केंद्रीय झारखंड के बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान 7 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. दक्षिणी झारखंड के पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा जिलों में दिन के समय हल्की गर्मी और रात में ठंड का असर देखने को मिलेगा. यहां अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री और न्यूनतम 9 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें: सरकारी स्कूलों की 12 लाख छात्राओं को फ्री में मिलेगा सेनेटरी पैड, तैयारी में हेमंत सोरेन सरकार
बच्चे, बुजुर्गों और बीमार लोगों के सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के प्रमुख डॉ बाबूराज पीपी के अनुसार, बदलते तापमान के कारण बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. सुबह के समय कोहरे और ठंडी हवा को देखते हुए लोगों को गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से खुले में निकलने से बचने की सलाह दी गई है. आने वाले दिनों में मौसम का यह उतार-चढ़ाव झारखंड में ठंड का अहसास बनाए रखेगा.
इसे भी पढ़ें: सावधान! झारखंड में 11-12 फरवरी को छाई रहेगी बादलों की चादर, सुबह-रात में ठंड का असर
