Jharkhand Weather : झारखंड की राजधानी रांची सहित अलग-अलग हिस्सों में 27 जून (शनिवार) से 3 जुलाई तक लगातार आकाश में बादल छाये रहने, बिजली गिरने और कहीं-कहीं बारिश की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. 1 जुलाई को रांची में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पलामू, चतरा और गढ़वा में गर्मी बरकरार है.
रांची में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश
1 से 26 जून तक झारखंड के सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है. राज्य में अब तक सामान्य से 61 प्रतिशत कम बारिश हुई है. इस दौरान सामान्य बारिश 149.8 मिमी है, जबकि इस दौरान सिर्फ 59 मिमी ही बारिश हुई है. रांची में सामान्य बारिश का रिकॉर्ड 158.2 मिमी है, जबकि अब तक सिर्फ 125.7 मिमी बारिश हुई है.
बिजली गिरने से से 4 की मौत
शुक्रवार को वज्रपात से झारखंड में चार लोगों की मौत हो गई है. जानकारी के अनुसार, लोहरदगा स्थित बगडू थाना क्षेत्र के चरहु निवासी हशीदा खातून (48 वर्ष) की वज्रपात से मौत हो गई. वह बकरी चरा रही थी. कुडू थाना क्षेत्र के सलगी कोलपारा गांव में वज्रपात से कर्मा उरांव की पत्नी घुरती उरांव की मौत हो गई. बालूमाथ प्रखंड के पिंडारकोम ग्राम में वज्रपात की से सुकरी कुमारी (16 वर्ष) पिता यशोद उर्फ कारू यादव की मौत हो गई. चतरा के लावालौंग प्रखंड के रिमी अंतर्गत झरीनिया गांव में वज्रपात से स्व महेश भुईयां की पुत्री पूजा कुमारी (17 वर्ष) की मौत हो गई.
27 से 30 जून ऐसा रहेगा मौसम
झारखंड में 27 जून से 30 जून के दौरान मौसम सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा. कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है और कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन भी हो सकता है. इस अवधि में अधिकतम तापमान में लगभग 3–4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है, जिसके बाद अगले दो दिनों के तापमान में कोई ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
यह भी पढ़ें: लाखों रुपये खर्च कर बूटी मोड़ में बनाया गया मीट हाउस, बरसों से बना है शोपीस, देखें वीडियो
यह भी पढ़ें: रांची में 177 करोड़ में बनेगा पहला शानदार सिक्स लेन का स्मार्ट रोड, फुटपाथ के साथ बनेगा साइकिल ट्रैक
