झारखंड में मौसम का कहर: वज्रपात से आठ की मौत, आज भी येलो अलर्ट

Jharkhand Weather : झारखंड में गुरुवार को वज्रपात से आठ लोगों की मौत हो गई. रांची में तेज हवा से पेड़ और पोल गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित रही. कोकर में स्कूल वैन के पास पोल गिरा, लेकिन बच्चे सुरक्षित रहे. राज्य में आज भी येलो अलर्ट जारी है.

झारखंड में मौसम का कहर (AI IMAGE)

Jharkhand Weather : झारखंड में गुरुवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात से आठ लोगों की मौत हो गई. वहीं राजधानी रांची में 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवा के कारण सर्कुलर रोड, कोकर आदि इलाके में कई पेड़ उखड़ गए. टहनियां टूट गईं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रही. हालांकि बिजली विभाग ने तुरंत अभियान चलाकर तकनीकी खराबी दुरुस्त की और आपूर्ति बहाल की. इधर कोकर में एक स्कूली वैन के पास पेड़ और पोल गिरा, जिससे वैन में बैठे बच्चे बाल-बाल बच गए. 

बहरागोड़ा में सबसे ज्यादा बारिश, रांची में पारा गिरा

गुरुवार को सबसे अधिक बारिश 33 मिमी बहरागोड़ा में हुई, जबकि रांची में एक मिमी बारिश हुई. मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान गुरुवार को 40 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं रांची का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री रहा, जिसमें पिछले 24 घंटे में 1.7 डिग्री सेल्सियस की कमी आई.

आज ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 26 जून को गढ़वा, पलामू और चतरा में लू की स्थिति बनी रहेगी. जबकि रांची सहित अन्य जिलों में आसमान में बादल छाये रहेंगे, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवा और बारिश हो सकती है. मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों में पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है.

मरनेवालों में अधिकतर ग्रामीण इलाकों के

गुरुवार को वज्रपात से आठ लोगों की मौत हो गई. जिनमें रांची में एक, पलामू में तीन, लोहरदगा में एक, चतरा में दो और कोडरमा एक की मौत हुई है. मरने वालों में अधिकतर ग्रामीण हैं. रांची में इटकी के टिकराटोली गांव में दोपहर एक बजे वज्रपात से रउफ अंसारी की मौत हो गई. 

वज्रपात से आठ की मौत

गुरुवार शाम करीब 6: 30 बजे पाटन (पलामू) के किसैनी गांव में वज्रपात से घर के बगल में कामेश पाल (52) की मौत हो गई. पांकी की दूब पंचायत स्थित उक्सू गांव में चिंता कुंवर (60) और गोंगो गांव में अनेश कुमार (12) की मौत हो गई. इधर चतरा के मयूरहंड स्थित दो अलग-अलग गांवों में वज्रपात की घटना घटी. जिसमें सेवाल करमा गांव निवासी सहदेव ठाकुर (50) और महुगाई गांव निवासी सकलदेव सिंह की पत्नी सरोज देवी (44) की मौत हो गई. कोडरमा जिला मुख्यालय में तेज बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान फुलवरिया निवासी सोनी कुमारी (26) के रूप में हुई है. लोहरदगा हेसाग पंचायत स्थित बटरू गांव में वज्रपात से जितेंद्र खेरवार की पुत्री नीलम की मौत हो गई, जबकि एक बालक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

यह भी पढ़ें: रांची के शिक्षाविद अभय कुमार मिश्रा को अग्रिम जमानत, हाईकोर्ट ने तीन सप्ताह में सरेंडर करने का दिया निर्देश

यह भी पढ़ें: धनबाद, खरसावां और नोवामुंडी में 28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, लाखों बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक वर्ष से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह झारखंड बीट पर काम कर रही हैं, जहां वह खबरों को आसान भाषा में लिखती हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल बीट पर काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने हेल्थ, रेसिपी, मेहंदी डिजाइन और फैशन से जुड़ी खबरों पर काम किया. इसके अलावा, उन्होंने नेशनल प्रिंटर और लोकल चैनलों में भी काम किया है. उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से और मास्टर की पढ़ाई एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड से पूरी की है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >