Jharkhand Voter List SIR 2026: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 सितंबर है. इसके बाद प्रक्रिया के अगले चरण में दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जायेगा. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को होगा. इधर, एसआइआर के दौरान मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन मिल रहे हैं.
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के 4.70 लाख आवेदन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की 14 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार 13 सितंबर तक मतदाता सूची में पहली बार नाम जुड़वाने के लिए 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र भारतीय नागरिकों द्वारा फॉर्म-6 के माध्यम से 4,70,542 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. इनमें अकेले 13 सितंबर को 16,224 आवेदन आये हैं. वहीं, विदेश में रहनेवाले भारतीय नागरिकों के मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए के तहत अब तक 84 आवेदन मिले हैं.
इसे भी पढ़ें: JPSC Exam Scam: दारोगा नहीं बन सका तो परीक्षा फर्जीवाड़े का बनाया नेटवर्क, कई लोगों को बना दिया अफसर
नाम हटाने के लिए अब तक आये 5,576 आवेदन
मतदाता सूची में किसी नाम को हटाने, मृत्यु, स्थानांतरण, डुप्लीकेट नाम आदि के संबंध में आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से कुल 5,576 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें 13 सितंबर को 99 आवेदन आये. मतदाता सूची में नाम, पता समेत अन्य विवरण में सुधार अथवा संशोधन के लिए फॉर्म-8 के तहत कुल 2,98,871 आवेदन प्राप्त हुए हैं. 13 सितंबर को 12,899 लोगों ने फॉर्म-8 जमा किया.
इसे भी पढ़ें: झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा की बैठक में उठीं 8 मांगें, अक्टूबर में होगी राज्यस्तरीय संगोष्ठी
