रांची से अमन तिवारी की रिपोर्ट
Jharkhand Security Alert: रामनवमी से लेकर हनुमान जयंती तक झारखंड के सभी जिलों में सुरक्षा को लेकर आईजी स्पेशल ब्रांच ने रिपोर्ट तैयार कर अलर्ट कर दिया है. रिपोर्ट गृह सचिव और डीजीपी के साथ-साथ सभी जिलों के डीसी और एसपी को भेजी गई है. इसमें सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से निर्देश दिए गए हैं. रामनवमी को लेकर हजारीबाग जिला को सांप्रदायिक दृष्टिकोण से अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है.
स्पेशल ब्रांच के आईजी ने तैयार की रिपोर्ट
स्पेशल ब्रांच के आईजी ने अपने रिपोर्ट में लिखा है कि 24 मार्च को अंतिम मंगला जुलूस निकाला जाएगा, जबकि, 26 मार्च को रामनवमी मनाई जाएगी. वहीं, दो अप्रैल को हनुमान जयंती मनाए जाने की सूचना है. इस दौरान असामाजिक तत्वों के द्वारा सौहार्द्र बिगाड़ने का प्रयास किया जा सकता है. सूबे में सांप्रदायिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता और निगरानी रखने की आवश्यकता है. स्पेशल ब्रांच ने अपने रिपोर्ट में राज्य के विभिन्न जिलों में पूर्व के वर्षों में घटित घटना का भी उल्लेख किया है, ताकि संबंधित इलाके में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए.
रामनवमी पर इन थाना क्षेत्रों में हो चुकी हैं घटनाएं
- रांची: रातू, लोअर बाजार, बेड़ो
- खूंटी: खूंटी, तपकरा
- गुमला: सदर थाना क्षेत्र
- लोहरदगा: कुड़ू और सदर थाना क्षेत्र
- हजारीबाग: बड़कागांव, कोर्रा, बरही, सदर, लोहसिंहघना
- कोडरमा: कोडरमा थाना क्षेत्र
- बोकारो: पेक नारायण, नावाहडीह
- जमशेदपुर: कोवाली, जुगसलाई
- साहिबगंज: नगर थाना क्षेत्र
इसे भी पढ़ें: चाईबासा में कांग्रेस का 10 दिवसीय शिविर आज से शुरू, 31 मार्च को पहुंचेंगे राहुल गांधी
सुरक्षा और सतर्कता को लेकर निर्देश
- रामनवमी के दौरान विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करनेवाले असामाजिक तत्वों की सूची तैयार कर उन पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाए.
- पुजारी एवं पूजा समितियों के सदस्यों के साथ बैठक कर स्थानीय सुरक्षा से संबंधित व्यवस्था सुदृढ़ कर ली जाए.
- मीडिया कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें निर्देश दिया जाये कि बातों को बढ़ा-चढ़ाकर या तोड़- मरोड़ कर प्रस्तुत नहीं करें.
- सोशल मीडिया और विशेष रूप से निगरानी रखें, ताकि किसी प्रकार से आपत्ति जनक टिप्पणी करने वाले पर कार्रवाई की जा सके.
- अवैध शराब और वधशाला पर रोक लगायी जाये, क्योंकि इससे विधि-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है.
- वैसे स्थल पर विशेष रूप से निगरानी, जहां छिनतई या छेड़खानी की घटना हो सकती है.
- जुलूस के दौरान पुलिस बल के साथ-साथ पुलिस गाड़ियों की उचित व्यवस्था की जाये, ताकि आपातकाल स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके.
- जुलूस के दौरान और जुलूस की वापसी तक पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था हो.
- जुलूस के दौरान अपने चेहरे को कपड़े से छिपाने वाले पर विशेष रूप से निगरानी रखी जाए.
- जुलूस का आयोजन एवं डीजे मशीन देनेवाले से अंडरटेकिंग लिया जाये कि वे कोई आपत्तिजनक या किसी की भावना को ठेस पहुंचाने वाला गाना नहीं बजाएंगे.
इसे भी पढ़ें: धनबाद के गोविंदपुर में गरजे तेजस्वी यादव, बोले- महाराष्ट्र की तर्ज पर बिहार में हो रहा सत्ता परिवर्तन
