गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
पलामू संसदीय क्षेत्र, विशेषकर गढ़वा और पलामू जिले के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. लंबे समय से राजस्थान के लिए सीधी ट्रेन सेवा की मांग कर रहे लोगों का इंतजार अब खत्म हो गया है. रेलवे बोर्ड ने संतरागाछी-खाटीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18061/18062) के परिचालन को औपचारिक स्वीकृति दे दी है. यह ट्रेन गढ़वा रोड और डालटनगंज होते हुए चलेगी, जिससे जिले के लाखों नागरिकों को राजस्थान और पश्चिम बंगाल की सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी.
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
यह साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन संतरागाछी और टाटानगर से खुलकर रांची, डालटनगंज, गढ़वा रोड, मिर्जापुर और प्रयागराज होते हुए खाटीपुरा (जयपुर) तक जाएगी. इस नई सेवा से गढ़वा जिले के व्यवसायियों, विद्यार्थियों और कामगारों को जयपुर और प्रयागराज जैसे शहरों तक आने-जाने में काफी आसानी होगी.
जल्द होगा भव्य कार्यक्रम
पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने इस उपलब्धि को अपने लगातार प्रयासों और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया है. उन्होंने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र की जनभावनाओं को देखते हुए लोकसभा में नियम 377 और शून्यकाल के दौरान इस मांग को प्रमुखता से उठाया था. रेल मंत्रालय के साथ लिखित और मौखिक संवाद के अलावा व्यक्तिगत रूप से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी से मिलकर जल्द स्वीकृति का आग्रह किया था. आज गढ़वा और पलामू की जनता का सपना साकार हुआ है. सांसद राम ने जानकारी दी कि इस नई ट्रेन के शुभारंभ के लिए बहुत जल्द एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें वह स्वयं उपस्थित रहकर इस सेवा को क्षेत्रवासियों को समर्पित करेंगे. उन्होंने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है.
यात्रियों को होगी सुविधा
स्थानीय लोगों का मानना है कि गढ़वा रोड स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव से जिले की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी. इससे न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि व्यापारिक दृष्टिकोण से भी क्षेत्र के विकास को जोर मिलेगा.
मुख्य बातें
ट्रेन संख्या: 18061/18062 (साप्ताहिक)
रूट: संतरागाछी – टाटानगर – रांची – डालटनगंज – गढ़वा रोड – मिर्जापुर – प्रयागराज – खाटीपुरा (जयपुर).
लाभ: गढ़वा और पलामू के लाखों नागरिकों को राजस्थान के लिए मिलेगी सीधी ट्रेन.
इसे भी पढ़ें: कृष ने पेश की मेहनत की मिसाल, दुकान में मदद करते हुए बने कॉमर्स के सेकेंड स्टेट टॉपर
इसे भी पढ़ें: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने उग्रवाद प्रभावित चेतमा पुलिस पिकेट का किया दौरा, जवानों का बढ़ाया हौसला
