गोड्डा से निरभ किशोर की रिपोर्ट
Godda News: झारखंड के गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के केडोबाजार स्थित सनलाइफ हेल्थ केयर में ऑपरेशन के दौरान एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके आक्रोश देखा जा रहा है. मुख्य रूप प्रसूति महिला आदिवासी पहाड़िया जनजाति की है.
प्रसव दर्द के बाद निजी क्लीनिक में कराया गया भर्ती
मंगलवार की रात करीब ढाई बजे महिला दर्द से परेशान हो गई तो उस वक्त उसे एक झोला छाप डॉक्टर के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया. ऑपरेशन के दौरान महिला की स्थिति खराब हो जाने के बाद गोड्डा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में महिला की मौत हो गई.
मृतका की पहचान
मृतका की पहचान रतनपुर कुसुम घाटी निवासी मीरा मालतो (पति चार्लीज मालतो) के रूप में हुई है. मृतका का यह दूसरा बच्चा था. बच्चा अभी स्वस्थ है. मृतका आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय से है, जिसके कारण स्थानीय लोगों ने आक्रोश में जोरदार हंगामा किया. गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने केडोबाजार से सुंदरपहाड़ी मुख्य सड़क को जाम कर दिया और क्लीनिक प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई. कहना है कि संबंधित स्वास्थ्य केंद्र फर्जी तरीके से संचालित हो रहा था और यहां पर्याप्त सुविधाएं और योग्य डॉक्टर मौजूद नहीं थे. ग्रामीणों ने स्थानीय जलसहिया पर भी आरोप लगाया. परिजनों ने कहा कि जलसहिया को गर्भवती महिला को सरकारी अस्पताल ले जाना चाहिए था, लेकिन उन्होंने उसे निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जिसके कारण यह घटना हुई.
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर सुंदरपहाड़ी और राजाभीठा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटाने की कोशिश किए जाने के बाद पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है. प्रशासन ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
क्या बोले सिविल सर्जन
गोड्डा के सिविल सर्जन डॉक्टर सुभाष शर्मा ने बताया की घटना की जानकारी मिली है. घटना स्थल पर जाकर जांच कर रहे हैं. जो भी इसमें दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: तन्नु कुमारी ने बुढ़मू का नाम किया रोशन, बिना ट्यूशन के इंटर साइंस में लहराया परचम
इसे भी पढ़ें: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने उग्रवाद प्रभावित चेतमा पुलिस पिकेट का किया दौरा, जवानों का बढ़ाया हौसला