गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. गढ़वा परिसदन में नगर परिषद के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के दौरान विधायक ने ‘जगमग गढ़वा’ परियोजना के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपए उपलब्ध कराने की घोषणा की. इस राशि से शहर की गलियों और मोहल्लों की लाइट व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा.
नगर परिषद प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात
नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी से मुलाकात की. इस दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षदों ने शहर के विकास से जुड़ी अलग-अलग योजनाओं और जनसमस्याओं पर चर्चा की.
आधुनिक लाइटिंग से जगमग होगा शहर
विधायक ने कहा कि गढ़वा के नागरिकों की सुविधा और शहर का सौंदर्यीकरण उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि 10 लाख की राशि का उपयोग शहरी क्षेत्रों, गलियों और मोहल्लों में आधुनिक लाइटिंग लगाने के लिए होगा. जल्द ही पूरा शहर दूधिया रोशनी से जगमग करेगा, जिससे रात में सुरक्षा और सुंदरता दोनों बढ़ेगी. राज्य और केंद्र सरकार से भी अतिरिक्त फंड लाने के प्रयास निरंतर जारी हैं. विधायक तिवारी ने कहा कि विकास केवल पैसा खर्च करने से नहीं, बल्कि सही योजना और निगरानी से संभव है. सभी पार्षद पूरी निष्ठा के साथ गढ़वा को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुट जाएं.
नगर परिषद ने अध्यक्ष ने की सराहना
नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सहयोग शहर की सूरत बदलने में मील का पत्थर साबित होगा. परिषद इस राशि का इस्तेमाल मुख्य चौराहों और अंधेरी गलियों में रोशनी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए करेगी.
ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर मुख्य रूप से नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि घनश्याम गुप्ता उर्फ पुतुल, वार्ड पार्षद सुनील कुमार, पार्षद प्रतिनिधि अप्पू, उमेश कश्यप, राजू कुशवाहा, मुकेश दास, सुभास गौड़, विशाल गुप्ता सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: कृष ने पेश की मेहनत की मिसाल, दुकान में मदद करते हुए बने कॉमर्स के सेकेंड स्टेट टॉपर
इसे भी पढ़ें: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने उग्रवाद प्रभावित चेतमा पुलिस पिकेट का किया दौरा, जवानों का बढ़ाया हौसला
