झारखंड पंचायत चुनाव: बिना लड़े ही जीत गये 23,724 प्रत्याशी, पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने आजमाया हाथ

झारखंड में हाल ही संपन्न हुए पंचायत चुनाव में 23,724 निर्विरोध चुन लिये गये. इनमें 15,160 महिलाएं शामिल हैं. इस पंचायत चुनाव की एक और खास बात रही है कि यहां पुरूषों से ज्यादा महिलाओं ने चुनाव लड़ा. जबकि 2,527 पद खाली रह गये.

By Prabhat Khabar | May 30, 2022 9:44 AM

रांची: झारखंड में संपन्न पंचायत चुनाव में बिना लड़े ही 23,724 प्रत्याशियों ने जीत हासिल कर ली. इनमें 15,160 महिलाएं शामिल हैं. राज्य में 61,174 पदों के लिए मतदान कराया गया. चारों चरण मिला कर इन पदों का 38.78 प्रतिशत निर्विरोध निर्वाचन से भर गया. पहले चरण में 6,231, दूसरे चरण में 5093, तीसरे चरण में 5,450 व चौथे चरण में 6,950 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ.

पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने लड़ा चुनाव :

पंचायत चुनाव में आधी आबादी ने पुरुषों से ज्यादा संख्या में दावेदारी पेश की है. निर्विरोध निर्वाचित कुल पदों में से 63.90 प्रतिशत पर महिलाएं पहले ही काबिज हो गयी हैं. शेष पदों पर हुए चुनाव में कुल 1,14,922 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इनमें पुरुषों की कुल संख्या 48,440 है.

उनके विरुद्ध 66,482 महिलाओं ने चुनावी दंगल में धमक दी है. इनमें से महिलाओं के लिए आरक्षित पदों पर चुनाव लड़ने वाली महिलाओं की संख्या 55,596 है. इन सीटों पर कोई जबकि, 10,886 महिलाओं ने अनारक्षित पदों पुरुषों के खिलाफ अपनी दावेदारी पेश की.

66.38 प्रतिशत हुआ पुनर्मतदान

रांची. पंचायत चुनाव के चौथे चरण के बाद झारखंड में छह बूथों पर पुनर्मतदान संपन्न हुआ. पलामू, जामताड़ा व पश्चिम सिंहभूम में हुए पुनर्मतदान का प्रतिशत 66.38 रिकाॅर्ड किया गया. 31 मई को एक साथ तीसरे और चौथे चरण की मतगणना की जायेगी.

खाली रहे 2,527 पद

राज्य में पंचायतों के कुल 63,701 पदों के लिए चुनाव हुआ. इनमें से 2,527 पदों के लिए कोई नामांकन नहीं होने की वजह से चुनाव नहीं हो सका. बचे 61,174 पदों के लिए ही मतदान हुआ. पहले चरण में 707, दूसरे में 526, तीसरे में 721 व चौथे में 573 पदों पर शून्य नामांकन होने के कारण चुनाव नहीं हुआ.

Posted By: Sameer Oraon

Next Article

Exit mobile version