रांची. जेएलकेएम की नेता बेबी महतो ने सोशल मीडिया पर अपने नाम से कथित आपत्तिजनक और मनगढ़ंत पोस्ट किये जाने को लेकर मंगलवार को साइबर थाना में शिकायत की. उन्होंने आरोप लगाया कि दो और आठ सितंबर को फेसबुक पर उनके नाम का इस्तेमाल कर गलत टिप्पणियां और उनके बारे में मनगढ़ंत बातें पोस्ट की गयीं. उन्होंने कहा कि बाद में पोस्ट के कमेंट सेक्शन में भी संबंधित व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गयीं.
बेबी महतो ने कहा कि वह संबंधित व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानती हैं. एक अधिवक्ता के फोन करने के बाद उन्होंने कमेंट सेक्शन देखा, जहां पोस्ट करने वाला व्यक्ति कथित तौर पर अपने पास फोटो और वीडियो समेत अन्य सबूत होने की बात लिख रहा था. उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास कोई प्रमाण है, तो उसे सामने लाया जाना चाहिये, लेकिन किसी के निजी जीवन और चरित्र को लेकर टिप्पणी करना उचित नहीं है.
राजनीतिक मुद्दे पर विरोध करें, निजी टिप्पणी नहीं
बेबी महतो ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है. जेएलकेएम, आजसू, भाजपा, झामुमो या कांग्रेस किसी भी दल से जुड़े लोगों की राजनीतिक आलोचना की जा सकती है, लेकिन किसी के निजी जीवन और चरित्र को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिये. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के चरित्र का प्रमाणपत्र देने का अधिकार किसी को नहीं है.
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके पुराने पोस्ट में यदि कोई तथ्यात्मक या टाइपिंग संबंधी गलती हुई है, तो उस पर सवाल उठाये जा सकते हैं. उन्होंने एक पोस्ट में स्थान के नाम को गलत लिखे जाने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि ऐसी गलतियों को लेकर राजनीतिक सवाल उठाना उन्हें स्वीकार है, लेकिन इससे किसी को उनके चरित्र पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं मिल जाता.
एक सप्ताह में कार्रवाई की मांग
बेबी महतो ने कहा कि वह पहले भी साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उन्हें दोबारा थाना पहुंचना पड़ा. उन्होंने पुलिस से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई और मामले की जानकारी देने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई और उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं मिली, तो वह आगे कड़ा कदम उठायेंगी.
गुस्से में हिंसक टिप्पणी भी की
इंटरव्यू के दौरान बेबी महतो ने कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में बेहद आपत्तिजनक और हिंसक भाषा का इस्तेमाल करते हुए संबंधित व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी. उन्होंने कहा कि पहले वह कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेंगी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कानून अपने हाथ में लेने की बात कही. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह फिलहाल साइबर थाना पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया के तहत शिकायत कर रही हैं.
जेएलकेएम समर्थकों से भी निजी हमले से बचने की अपील
बेबी महतो ने कहा कि राजनीतिक दलों के समर्थकों को भी निजी स्तर पर किसी को निशाना नहीं बनाना चाहिये. उन्होंने कहा कि राजनीतिक मुद्दों पर बहस और आलोचना होनी चाहिये, लेकिन निजी जिंदगी और चरित्र पर टिप्पणी नहीं की जानी चाहिये. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत छवि खराब करने की कोशिश से किसी की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है.
