Jharkhand Chamber Elections: घोड़े पर पोस्टर लेकर पहुंचे समर्थक, 9 महिला प्रत्याशियों में 6 ने मारी बाजी

झारखंड चेंबर चुनाव के दौरान मारवाड़ी भवन में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा. समर्थकों ने अनोखे अंदाज में प्रचार किया, जिसमें कटआउट और घोड़ों पर पोस्टर लेकर लोग नजर आए. इस चुनाव में नौ महिला प्रत्याशियों में से छह ने जीत दर्ज की.

Jharkhand Chamber Elections: चेंबर चुनाव को लेकर रविवार को मारवाड़ी भवन में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा. प्रत्याशियों से लेकर उनके समर्थक तक वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए जुटे रहे. कोई अपने उम्मीदवार का कटआउट लेकर खड़ा था, तो कोई घोड़े पर प्रत्याशी का पोस्टर लेकर प्रचार करता नजर आया. मारवाड़ी भवन के अंदर भी प्रत्याशी मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते रहे.

व्यापारियों के विश्वास की जीत : तुलसी पटेल

जीत के बाद तुलसी पटेल ने कहा कि यह जीत सिर्फ टीम की नहीं, बल्कि झारखंड के सभी व्यापारियों और उद्यमियों के विश्वास की जीत है. उन्होंने कहा कि चेंबर को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाते हुए व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा. सरकार और प्रशासन के साथ प्रभावी संवाद स्थापित कर व्यापारिक हितों से जुड़े मामलों में ठोस परिणाम सुनिश्चित किए जाएंगे.

उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा, सरल कारोबारी व्यवस्था, प्रभावी सिंगल विंडो सिस्टम, कानून-व्यवस्था में सुधार, यातायात व्यवस्था और आधारभूत संरचना के विकास जैसे मुद्दों पर विशेष रूप से काम किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- रात 2 बजे कोडरमा घाटी में भीषण हादसा, दो ट्रेलर भिड़े, चालक का शरीर दो हिस्सों में बंटा

नौ महिला प्रत्याशी मैदान में, छह ने दर्ज की जीत

चुनाव में कुल नौ महिला प्रत्याशी मैदान में थीं, जिनमें छह ने जीत दर्ज की. विजयी महिला प्रत्याशियों में विनिता सिंघानियां, ज्योति कुमारी, निधि झुनझुनवाला, आस्था किरानी, मोनिका गोयनका और पूजा ढाढा शामिल हैं.

हरमू रोड में दिनभर रुक-रुककर लगता रहा जाम

चुनाव को लेकर हरमू रोड में दिनभर रुक-रुककर जाम की स्थिति बनी रही. प्रत्याशियों और उनके समर्थकों द्वारा सड़क पर वाहन खड़े कर दिए जाने के कारण यातायात प्रभावित हुआ. जाम हटाने में ट्रैफिक पुलिस को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

ये भी पढ़ें- झारखंड में विधवा पेंशन 2500 रुपये करने की मांग, मंईयां सम्मान के बराबर राशि देने की उठी आवाज

ये भी पढ़ें- झारखंड में विधवा पेंशन 2500 रुपये करने की मांग, मंईयां सम्मान के बराबर राशि देने की उठी आवाज

पूर्व अध्यक्षों के रवैये पर चुनाव पदाधिकारी नाराज

मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए कई पूर्व अध्यक्ष भी मारवाड़ी भवन पहुंचे थे. वे मतदाताओं को रोककर अपने समर्थकों के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे थे. इस पर चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति रही, तो चुनाव रोक दिया जाएगा. उन्होंने सभी से अपील की कि मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने दिया जाए और रास्ते में रोककर उन्हें परेशान नहीं किया जाए.

लंदन से वोट देने पहुंचे श्यामसुंदर पेड़ीवाल

चेंबर चुनाव में मतदान करने के लिए श्यामसुंदर पेड़ीवाल विशेष रूप से लंदन से रांची पहुंचे. वे शाम चार बजे एयरपोर्ट से निकले और करीब साढ़े चार बजे मारवाड़ी भवन पहुंचकर मतदान किया. उन्होंने कहा कि रांची के व्यापारियों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए. चुनाव में जीतने वाली टीम को व्यापारी समुदाय को एकजुट करने की दिशा में काम करना चाहिए.

चेंबर चुनाव में सांसद महुआ माजी ने भी किया मतदान

महुआ माजी ने भी किया मतदान

दोपहर 3:50 बजे राज्यसभा सांसद सह चेंबर सदस्य महुआ माजी मतदान करने मारवाड़ी भवन पहुंचीं. उन्होंने कहा कि वह राजनीति में हैं और चेंबर की सदस्य भी हैं, लेकिन यह चुनाव व्यापारियों के लिए है. जो भी प्रत्याशी जीतकर आएं, उन्हें व्यापारियों के हित में काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि चेंबर के चुनाव में किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Uttam Kumar Mahato

उत्तम कुमार महतो पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और लंबे समय से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के सफर में उन्होंने शिक्षा, जिला प्रशासन, नगर निगम और पंचायती राज व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार रिपोर्टिंग की है. जमीनी मुद्दों और आम लोगों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाना उनकी पत्रकारिता की खास पहचान रही है. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शहर और गांव, दोनों स्तरों पर जनसमस्याओं को करीब से समझते हुए उन्हें समाचारों के माध्यम से सामने लाने का प्रयास किया है. प्रशासनिक व्यवस्था की खामियों, विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति और आम लोगों की समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी रिपोर्टिंग लगातार केंद्रित रही है. जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता देने और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से व्यवस्था से जवाब मांगने की उनकी कोशिश जारी है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >